नेशनल डेस्क: शुक्रवार, 12 सितंबर को स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-2906, जो कांडला (गुजरात) से मुंबई जा रही थी, टेकऑफ के तुरंत बाद बड़ी परेशानी का शिकार हो गई। उड़ान भरते ही विमान का एक बाहरी पहिया रनवे पर गिर गया। यह विमान स्पाइसजेट का Q400 बॉम्बार्डियर DHC8-400 मॉडल था। इसमें ट्राइसाइकिल लैंडिंग गियर सिस्टम होता है, जिसमें आगे दो और पीछे दो-दो पहिए लगे होते हैं।
जब विमान ने दोपहर 2:39 बजे कांडला एयरपोर्ट के रनवे नंबर 23 से उड़ान भरी, उसी समय टॉवर कंट्रोलर ने देखा कि रनवे पर कोई काली बड़ी चीज गिरी है। जांच करने पर पता चला कि वह चीज विमान का ही एक पहिया था। हालांकि, इसके बावजूद विमान ने अपनी यात्रा जारी रखी और मुंबई एयरपोर्ट पर दोपहर 3:51 बजे सुरक्षित लैंडिंग कर दी। पायलट ने समय रहते तकनीकी खराबी की जानकारी दी और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।
मुंबई एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित की गई, लेकिन पायलट ने रनवे नंबर 27 पर सुरक्षित लैंडिंग कर दी। विमान में 78 लोग सवार थे, जिनमें सभी यात्री और क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं। लैंडिंग के बाद विमान को टर्मिनल तक ले जाया गया और सभी यात्री सामान्य रूप से बाहर निकल गए।
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा, “कांडला से मुंबई जा रही फ्लाइट का एक पहिया टेकऑफ के तुरंत बाद रनवे पर गिर गया था। इसके बावजूद विमान ने सुरक्षित यात्रा पूरी की और मुंबई एयरपोर्ट पर सही-सलामत उतरा।”
यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले 29 अगस्त को दिल्ली से श्रीनगर जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-385 में भी तकनीकी दिक्कत आई थी। उड़ान के दौरान केबिन प्रेशर कम होने की चेतावनी मिलने पर पायलट ने श्रीनगर एयरपोर्ट पर प्रायोरिटी लैंडिंग की अनुमति मांगी थी। इस फ्लाइट में 205 यात्री, जिनमें 4 बच्चे और 7 क्रू मेंबर्स शामिल थे। फ्लाइट को सुरक्षित लैंड कराया गया और किसी भी यात्री को चिकित्सा सहायता की जरूरत नहीं पड़ी।
ये भी पढ़ें- AC की कीमतों में होगी बढ़ोतरी: Daikin-Voltas समेत कई कंपनियां बढ़ाएंगी दाम; जानें वजह