
Weather Update 11 Nov 2026: देशभर में बढ़ती ठंड के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल सकता है। 11 नवंबर को कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, करीब 20 राज्यों में बारिश का अलर्ट है। कुछ इलाकों में आंधी के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कई राज्यों में तापमान में गिरावट आने से ठंड का असर बढ़ेगा।
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और बिहार में आंधी चलने की आशंका है। वहीं, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश हो सकती है।
दिल्ली में छाए रहेंगे बादल, बारिश के आसार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। 11 नवंबर को दिल्ली में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसके साथ ही ठंड का असर बढ़ सकता है।
उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 11 नवंबर को बारिश हो सकती है। मेरठ, आगरा, गाजियाबाद, प्रयागराज, गौतम बुद्ध नगर, रायबरेली, औरैया, मथुरा, अलीगढ़, फिरोजाबाद, बागपत, बाराबंकी, गोरखपुर और बिजनौर में बारिश के आसार हैं।
बिहार-झारखंड में बारिश के साथ बढ़ेगी ठंड
बिहार में भी मौसम का रुख एक बार फिर बदल सकता है। राज्य के ग्रामीण इलाकों में पहले से ही ठंड महसूस की जाने लगी है। अब कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। पटना, भोजपुर, समस्तीपुर, गोपालगंज, जहानाबाद, भागलपुर, रोहतास, गया, वैशाली, बक्सर, खगड़िया और मुंगेर में बारिश हो सकती है।
वहीं झारखंड में भी 11 नवंबर को राज्य के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट आने का अनुमान है। खूंटी, जमशेदपुर, पश्चिमी सिंहभूम, रामगढ़, चतरा, दुमका और हजारीबाग में हल्की बारिश हो सकती है। इससे मौसम में ठंडक बढ़ने की संभावना है।
राजस्थान के कई जिलों में होगी हल्की बारिश
राजस्थान में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। राज्य के जयपुर, अजमेर, झुंझुनू, टोंक, सीकर, सवाई माधोपुर, चूरू, बीकानेर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, धौलपुर और भरतपुर में हल्की बारिश होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें- Hukamnama 11 Nov 2026: हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी
बारिश के चलते तापमान में गिरावट आ सकती है। ऐसे में प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड का असर बढ़ने की उम्मीद है।
पंजाब में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
पंजाब में बारिश के साथ तेज हवाओं का असर भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। अमृतसर, लुधियाना, होशियारपुर, फिरोजपुर, संगरूर और गुरदासपुर समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट है।