Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

Weather Update: दिल्ली सहित कई राज्यों में बारिश का दौर जारी, जानें अन्य राज्यों के मौसम का हाल

September 18, 2025

Weather Update: दिल्ली सहित कई राज्यों में बारिश का दौर जारी, जानें अन्य राज्यों के मौसम का हाल

Today Weather Update : दिल्ली और एनसीआर में उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को बुधवार को हुई हल्की बारिश ने बड़ी राहत दी। सुबह से ही दिल्ली और नोएडा के कई इलाकों में हल्की ठंडी हवाएं चलती रहीं और आसमान में बादल छाए रहे। पिछले कई दिनों से तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण राजधानी में फिर से गर्मी का प्रकोप बढ़ गया था, लेकिन बुधवार की बारिश से मौसम में सुहावनापन लौट आया। मौसम विभाग (आईएमडी) का अनुमान है कि गुरुवार को भी दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

आईएमडी के अनुसार सुबह का तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो दोपहर तक 33–34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। नमी का स्तर 70–80% तक रहने से उमस बनी रह सकती है, हालांकि रुक-रुक कर होने वाली हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। अगले 24 घंटों में 10–20 मिमी तक वर्षा होने की संभावना जताई गई है, जबकि हवा की गति 5–10 किमी/घंटा रहने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक राजधानी में हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।

उत्तर प्रदेश में भी बारिश का असर

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और आसपास के जिलों में बुधवार को हुई लगातार बारिश ने उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत पहुंचाई। दिनभर कभी रिमझिम तो कभी तेज बारिश का सिलसिला चलता रहा। मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार को भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कहीं-कहीं अधिक वर्षा और वज्रपात (बिजली गिरने) का भी अलर्ट जारी किया गया है।

बुधवार को हुई बारिश के कारण गोरखपुर का दिन का तापमान सामान्य से करीब 2.9 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान में भी 0.1 डिग्री की गिरावट आई। तापमान में आई कमी के चलते लोगों ने रात में पंखे, कूलर और एसी का इस्तेमाल कम कर दिया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही मिजाज बना रहेगा, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।

हिमाचल में कमजोर पड़ रहा मानसून

हिमाचल प्रदेश में पिछले दिनों हुई भारी बारिश से अब राहत मिलने की उम्मीद है। राज्य मौसम विभाग ने बताया कि मानसून की रफ्तार अब धीमी पड़ने लगी है। 18 और 19 सितंबर को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की वर्षा की संभावना है। 23 सितंबर तक ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने और कई स्थानों पर धूप खिलने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश के बावजूद बड़े स्तर पर अब भारी वर्षा की संभावना नहीं है। इससे भूस्खलन और बाढ़ जैसी घटनाओं का खतरा भी कम होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें