
Sirmour Accident : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में राजगढ़ उपमंडल की टाली भुज्जल पंचायत में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें 26 वर्षीय युवक की बिजली का झटका लगने से मौत हो गई। बता दें कि मृतक की पहचान पजेरली गांव निवासी सुरजीत के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सुरजीत औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) से इलेक्ट्रीशियन ट्रेड का छात्र था और पिछले कुछ समय से बिजली विभाग के साथ काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उसे अक्सर मरम्मत कार्यों के लिए बुलाते थे। बता दें कि हादसा उस समय हुआ जब सुरजीत बिजली की लाइन ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़ा हुआ था। अचानक उसे तेज करंट का झटका लगा और संतुलन बिगड़ने के कारण वह नीचे गिर गया। करंट लगने और ऊंचाई से गिरने की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम
घटना की सूचना मिलते ही सुरजीत के छोटे भाई ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी। शिकायत मिलने पर राजगढ़ थाना के एसएचओ के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल राजगढ़ पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद उसे परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। राजगढ़ के डीएसपी ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर बिजली बोर्ड के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर
इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने भी बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि बिना उचित सुरक्षा उपकरण और निगरानी के मरम्मत कार्य कराना लापरवाही का संकेत है। सुरजीत की असमय मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजन प्रशासन और बिजली बोर्ड से न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...