Last Updated: November 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

वरिष्ठ भाजपा नेता अंग्रेज मेघवाल की मांग; डेडलाइन तय करके बताएं, कब तक सभी प्रभावित गांवों के लोगों को मिल जाएगा मुआवजा

September 19, 2025

वरिष्ठ भाजपा नेता अंग्रेज मेघवाल की मांग; डेडलाइन तय करके बताएं, कब तक सभी प्रभावित गांवों के लोगों को मिल जाएगा मुआवजा

अबोहर: 1 अगस्त को इलाके में हुई भारी वर्षा और सेम की समस्या से प्रभावित बल्लुआना क्षेत्र में हालात लगातार चिंताजनक बने हुए हैं। इसी को लेकर बल्लूआना विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता अनुसूचित जाति पंजाब की बुलंद आवाज माने जाने वाले अंग्रेज कुमार मेघवाल (Angrez Meghwa) ने जिला प्रशासन और पंजाब सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई बारिश से किसानों, बागबानों, खेत मजदूरों और गरीब तबके को भारी नुकसान हुआ है, जिसका सही आकलन कर व्हाइट पेपर जारी किया जाए।

मेघवाल ने प्रशासन से स्पष्ट डेडलाइन तय करने की मांग की, ताकि प्रभावित लोगों को यह भरोसा मिल सके कि कब तक उन्हें मुआवजा मिलेगा। उन्होंने कहा कि केवल सर्वे/गिरदावरी तक सीमित रहने से गरीब वर्ग की समस्याओं का हल नहीं होगा, बल्कि पारदर्शिता के साथ यह बताना आवश्यक है कि कब तक राहत राशि और सहायता सामग्री उनके हाथों में पहुंच पाएगी और किन्हें किन्हें इसमें शामिल किया गया है? मेघवाल ने कहा कि नुकसान किसान, बागबान, खेत मजदूर एवं पिछड़े वर्ग और गरीब लोगों का हुआ है तथा इनमें से कोई भी ऐसा नहीं रहना चाहिए जिसे मुआवजे की राहत न मिले। मेघवाल ने जोर देते हुए कहा कि भारी वर्षा से प्रभावित कोई भी गांव और व्यक्ति मुआवजे से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि हर तरह के नुक्सान चाहे फसलों का हो, घरों का हो या पशुधन का, उसकी भरपाई की जाए। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि सभी प्रभावित गांवों से पानी की निकासी के लिए तत्काल और ठोस इंतजाम किए जाएं।

सेम की समस्या हेतु पंजाब सरकार को भेजनी चाहिए एक्सपर्ट्स टीम
भाजपा नेता अंग्रेज कुमार मेघवाल ने पंजाब सरकार से भी अपील की कि वह एक्सपर्ट्स की टीम बल्लुआना और अबोहर हल्के में भेजे, जो सेम की समस्या और उससे जुड़े नुकसानों का प्रत्यक्ष जायजा ले। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इस इलाके में सेम की समस्या बनी हुई है, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। ऐसे में विशेषज्ञों की टीम भेजकर स्थिति का अध्ययन करना और दीर्घकालिक समाधान तैयार करना आवश्यक है।नहीं तो आने वाले समय में यहां ऐसी समस्या पैदा होगी कि न फसलें बचेंगी न बाग, जिससे किसान और बागबान तो बर्बाद होगा ही साथ में कृषि आधारित अबोहर उपमंडल की इकॉनमी भी ध्वस्त हो जाएगी,जिसका नुकसान व्यापारी से लेकर हर वर्ग के लोगों को होगा।

अतिशीघ्र प्रभावित गांवों में लगाए जाएं मैडीकल कैंप
अंग्रेज कुमार मेघवाल ने पंजाब सरकार व जिला प्रशासन से यह भी अपील की कि बल्लूआना विधानसभा क्षेत्र के भारी वर्षा से प्रभावित गांवों में अतिशीघ्र नि:शुल्क मेडिकल कैंप लगाए जाएं। पिछले डेढ़ महीने से इन गांवों में पानी जमा होने से यहां लोगों में बुखार से लेकर अन्य शिकायतें आ रही हैं और हर तरफ मच्छरों की भरमार है। मेघवाल ने कहा कि इन गांवों में लोगों के स्वास्थ्य के मद्देनजर जहां मेडिकल कैंप लगाना अति आवश्यक है वहीं यहां पर फॉगिंग भी जरूरी है और ये दोनों काम तत्काल होने चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें