
लाडवा: लाडवा में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के कार्यालय व गोदामों में उस समय हडकंप मच गया। जब मुख्यमंत्री के उड़न दस्ते ने अचानक छापामारी की। उड़न दस्ते के अधिकारियों ने कार्यालय व उससे जुड़े सरकारी गेहूं के गोदामों की गहन जांच शुरू की, जिससे विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के चेहरे पर पसीने की लकीरें साफ दिखाई दीं। ड्यूटी मैजिस्ट्रेट पंचायती राज बाबैन के नीरज कांत ने बताया कि विभाग के एक इंस्पेक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई थी।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि सरकारी गेहूं के भंडारण में गड़बड़ी की गई है और बरसाती पानी का लाभ उठाकर गेहूं की कमी को पूरा करने का प्रयास हो रहा है। इसी आधार पर शुक्रवार सुबह लगभग साढे 9 बजे से उड़न दस्ते ने जांच शुरू की, जो देर शाम 6 बजे तक जारी रही। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान यह भी पाया गया कि गोदामों में पानी घुसा हुआ है और कुछ गेहूं के कट्टे गले हुए मिले हैं। फिलहाल स्टॉक का पूरा मिलान किया जा रहा है।
जांच दल का कहना है कि सभी रिपोर्ट और नतीजे शनिवार तक स्पष्ट होंगे। वहीं गांव मथाना के गोदाम की जांच पूरी की गई, जबकि लाडवा के दोनों गोदामों की जांच देर शाम तक जारी रही। वहीं जांच टीम में सब इंस्पेक्टर राजबीर, एएसआई रविंदर, एएसआई सुखविंदर, हेड कांस्टेबल प्रवीण, हेड कांस्टेबल प्रवेश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। समाचार लिखे जाने तक कट्टों की गिनती व जांच जारी थी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...