Last Updated: October 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

करनाल में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और कंबाइन की टक्कर में चालक-परिचालक गंभीर घायल

September 20, 2025

करनाल में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और कंबाइन की टक्कर में चालक-परिचालक गंभीर घायल

करनाल। मेरठ रोड पर नगला चौक के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने लोगों को दहला दिया। ट्रक और कंबाइन की आमने-सामने टक्कर में ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक-परिचालक केबिन में बुरी तरह फंस गए।

करीब डेढ़ घंटे तक पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू अभियान चलाया। पहले चालक को बाहर निकाला गया, जिसकी दोनों टांगें टूट गई थीं। उसके बाद परिचालक को गंभीर हालत में निकाला गया। दोनों को तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसा कंबाइन चालक की लापरवाही से हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन बुलाकर ट्रक और कंबाइन को हटवाया, जिसके बाद रात नौ बजे यातायात बहाल हो सका।

एंबुलेंस की नाकामी, पुलिस ने निभाई जिम्मेदारी

हादसे की सूचना पर एएसआई राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच पाई, जिसके चलते घायलों को निजी वाहन से अस्पताल भेजना पड़ा। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर घायलों को सुरक्षित पहुंचाया।

हादसे के बाद कंबाइन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें