Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

GST की राहत ने ट्रंप के H1B ‘वीजा बम’ को दी मात, शेयर बाजार में दिखी जबरदस्त रिकवरी, जानें Updates

September 22, 2025

GST की राहत ने ट्रंप के H1B ‘वीजा बम’ को दी मात, शेयर बाजार में दिखी जबरदस्त रिकवरी, जानें Updates

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा H1B वीजा फीस में बढ़ोतरी के ऐलान से जहां आईटी सेक्टर में हलचल मच गई, वहीं भारत में लागू हुए जीएसटी रिफॉर्म्स से शेयर बाजार ने जबरदस्त वापसी करते हुए इस झटके को संभाल लिया। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखा गया, लेकिन दिन चढ़ते ही निवेशकों का भरोसा लौटा और बाजार ने रिकवरी की रफ्तार पकड़ ली।

शुरुआती झटके के बाद लौटी बाजार की रौनक

सोमवार सुबह शेयर बाजार ने गिरावट के साथ शुरुआत की। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 82,626.23 के पिछले बंद स्तर की तुलना में करीब 475 अंकों की गिरावट के साथ 82,151.07 पर खुला। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी 25,327.05 से गिरकर 25,238.10 पर ओपन हुआ। हालांकि, शुरुआती दबाव के बाद दोनों इंडेक्स ने वापसी की और गिरावट की भरपाई करते हुए हरे निशान में लौट आए।

IT शेयरों पर पड़ा ट्रंप के फैसले का दबाव

ट्रंप प्रशासन द्वारा H1B वीजा फीस में बढ़ोतरी के फैसले से सबसे अधिक असर भारतीय आईटी कंपनियों पर पड़ा। टेक महिंद्रा, टीसीएस, इंफोसिस और एचसीएल जैसे दिग्गज शेयरों में गिरावट देखी गई। टेक महिंद्रा में 3.74%, टीसीएस में 2.20%, इंफोसिस में 2.10% और एचसीएल में 1.70% की गिरावट दर्ज की गई। मिडकैप आईटी स्टॉक्स जैसे हेक्सावेयर टेक (5.60%) और एम्फेसिस (4%) ने भी कमजोरी दिखाई।

GST सुधारों से मिली बाजार को नई ऊर्जा

वहीं, घरेलू स्तर पर जीएसटी में दी गई टैक्स राहत ने बाजार में सकारात्मक भावनाएं पैदा कीं। इसका सीधा असर कुछ चुनिंदा सेक्टर्स और कंपनियों के प्रदर्शन पर दिखा। निवेशकों ने अडानी ग्रुप के शेयरों में भरोसा जताया, जिससे अडानी पावर में 18% की जबरदस्त तेजी आई। इसके अलावा कोचीन शिपयार्ड, मुथूट फाइनेंस, पीईएल और यस बैंक जैसे शेयरों में भी मजबूती देखी गई।

10 तूफानी शेयर जिन्होंने मचाई धूम

स्मॉलकैप और मिडकैप स्पेस में कई शेयरों ने निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न दिया। अडानी पावर, STC (15%), IIL (9%), BCL इंडिया (7.56%), MMTC (7.50%) और नेट वेब (6%) जैसे शेयरों ने शानदार तेजी दिखाई। मिडकैप कैटेगरी में PEL (5%), मुथूट फाइनेंस (3%), कोचीन शिपयार्ड (2.70%) और यस बैंक (2.10%) भी लाभ में रहे।

बाजार में गिरावट के बाद आई राहत

शुरुआती कारोबार में लगभग 2,355 कंपनियों के शेयर लाल निशान में खुले, जबकि 948 कंपनियों के स्टॉक्स बढ़त के साथ खुले। 155 शेयरों में कोई खास बदलाव नहीं दिखा और वे फ्लैट ट्रेड कर रहे थे। हालांकि, रिकवरी के साथ बाजार की धारणा में तेजी आई और इंडेक्स वापस संतुलन की ओर लौटे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें