Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

शिकार खेलने गए 5 दोस्तों में से एक की गोली लगने से मौत

September 28, 2025

शिकार खेलने गए 5 दोस्तों में से एक की गोली लगने से मौत

चंबा : जिला चंबा में शिकार पर गए पांच दोस्तों में गोली चलने से एक की मौत हो गई। पुलिस थाना चंबा में साथी युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ जारी है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुट गई कि जिस बंदूक से गोली चली है वह किसकी थी और कौन सी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटना की जांच में एफएसएल की टीम को शामिल किया है ताकि मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सके। रविवार को एफएसएल की टीम ने पुलिस थाना चंबा की टीम के साथ उस स्थान का रुख किया जहां गोली चली थी तो साथ ही शिकार करने के लिए प्रयोग में लाई गई गाड़ी की भी जांच की।

मामले की पुष्टि एएसपी चंबा हितेश लखनपाल ने की। पुलिस के अनुसार शनिवार को चार दोस्त शिकार खेलने को तीसा से कोटी क्षेत्र गए। वहां पर गोली चलने से दलीप उर्फ दीपू पुत्र कंश निवासी गांव तीसा तहसील चुराह लहूलुहान हो गया और तीसा पहुंचने से पहले उसने बीच रास्ते में दम तोड़ दिया। पूर्व बीडीसी चेयरमैन तीसा के.के. महाजन द्वारा पुलिस को दिए गए बयान में कहा गया है कि आरोपियों में शामिल रूप सिंह पुत्र दौलत राम निवासी गांव तीसा ने बताया कि दलीप, हैप्पी पुत्र केवल व सुनील पुत्र लाल व लवली पुत्र महेंद्र के साथ मिलकर वह लवली की आल्टो कार (एचपी 01-सी 2147) में सवार होकर शनिवार दोपहर को कोटी-पलेही क्षेत्र के लिए शिकार को निकले।

वहां पहुंचे तो अचानक से दलीप उर्फ दीपू की बंदूक से गोली चल गई जो उसकी टांग के बीच में लगी। दलीप लहूलुहान हो गया। यह हादसा चारों की लापरवाही से हुआ। घायल दलीप को तीसा ले आए जहां अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। तीसा पुलिस ने पूर्व बीडीसी चेयरमैन के बयान के आधार पर चारों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108, 125 व आर्म एक्ट की धारा 3(5) के तहत पुलिस थाना चंबा में मामला दर्ज किया गया है। चूंकि कोटी क्षेत्र चंबा पुलिस थाना के दायरे में आता है इसलिए इस मामले की जांच पुलिस थाना चंबा करने में जुट गई है।

ये भी पढ़ें: जल्द लॉन्च हो सकता है OnePlus 15T, फ्लैट डिस्प्ले और अल्ट्रासोनिक फिंगरप्रिंट सेंसर मिलेगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें