Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा-दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश, जानें अन्य राज्यों में मौसम का हाल

September 29, 2025

हरियाणा-दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश, जानें अन्य राज्यों में मौसम का हाल

Today’s Weather 29 Sept 2025: इस बार मानसून का मिज़ाज कुछ अलग ही रंग दिखा रहा है। आमतौर पर इस समय बारिश कम हो जाती है और मौसम में हल्की ठंडक घुलने लगती है, लेकिन इस साल कई राज्यों में भारी बारिश और उमस ने लोगों को परेशान कर रखा है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली-NCR तक मौसम की चाल सामान्य से अलग दिखाई दे रही है।

मुंबई और महाराष्ट्र में बारिश का कहर, रेड अलर्ट जारी
मुंबई और इसके आसपास के जिलों में बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। ठाणे, पालघर, रायगढ़ और रत्नगिरी जैसे जिलों में भारी जलभराव की वजह से ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने नागरिकों से अपील की है कि बेहद आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें।

मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और पुणे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि मुंबई शहर और उपनगरों के लिए येलो अलर्ट और ठाणे व रायगढ़ को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है। 30 सितंबर तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में लौटता मानसून, दशहरे तक बरसात के आसार
उत्तर प्रदेश में मानसून की वापसी के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 30 सितंबर से लेकर 3 अक्टूबर तक लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, सोनभद्र**, झांसी, चित्रकूट समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। 29 सितंबर को मथुरा, हापुड़, अलीगढ़, मैनपुरी, झांसी, ललितपुर, बहराइच समेत 30 से अधिक जिलों में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दशहरे के दिन भी कई जिलों में बारिश हो सकती है।

दिल्ली-NCR: तापमान सामान्य से अधिक, बूंदाबांदी की संभावना
राजधानी दिल्ली में भी मौसम ने कुछ अलग ही रुख अपनाया है। 29 सितंबर को आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। वहीं 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच रह सकता है, जो कि सामान्य से 2-4 डिग्री ज्यादा है। दिल्ली-एनसीआर में अभी गर्मी से राहत की संभावना कम ही नजर आ रही है।

बिहार: गर्मी से बेहाल लोग, अक्टूबर में होगी बारिश की दस्तक
बिहार में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं। पिछले कुछ दिनों से अधिकतर जिलों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है। हालांकि मौसम विभाग ने 1 अक्टूबर से 4 अक्टूबर के बीच पटना, भागलपुर, दरभंगा, पूर्णिया, गोपालगंज, और मुजफ्फरपुर सहित कई जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी है।विशेष रूप से 3 और 4 अक्टूबर को कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन जलजमाव की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।

हिमाचल और जम्मू-कश्मीर
हिमाचल प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मौसम साफ रहेगा। तीखी धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। तो वहीं जम्मू-कश्मीर में भी आने वाले दिनों में मौसम साफ रहेगा। लेकिन रविवार से मौसम बदलेगा। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

हरियाणा में बारिश
हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। आज और कल आसमान में बादल छाए रहेंगे और बुधवार से बारिश होने की संभावना जताई गई है। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें