Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

DHARAM NEWS: श्री नैना देवी में रामनवमी पर लगा श्रद्धालुओं का तांता, सिद्धिदात्री स्वरूप की पूजा

October 1, 2025

DHARAM NEWS: श्री नैना देवी में रामनवमी पर लगा श्रद्धालुओं का तांता, सिद्धिदात्री स्वरूप की पूजा

बिलासपुर। विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी मंदिर में रामनवमी के अवसर पर नवरात्रि के नौवें दिन हजारों श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। इस पावन दिन माता के सिद्धिदात्री स्वरूप की विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की और मंदिर के प्राचीन हवन कुंड में आहुतियां दी।

दर्शन करने के लिए भक्तों की लगी लंबी लाइन
मंदिर न्यास और पुजारी वर्ग द्वारा आयोजित दुर्गा पाठ का समापन भी हवन के साथ हुआ, जिसमें पुजारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मंदिर में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर प्रशासन ने लाइनों में दर्शन की प्रक्रिया को सुचारू रखा।

श्रद्धालुओं ने मां का दर्शन कर प्राप्त किया आशीर्वाद 
पुजारी प्रवेश शर्मा ने बताया कि रामनवमी के विशेष अवसर पर देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा, “आज माता के सिद्धिदात्री स्वरूप की पूजा के साथ हवन में आहुतियां डाली गईं। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता है।”

एक श्रद्धालु ने बताया कि श्री नैना देवी मंदिर मां दुर्गा का विशेष स्थान है। उन्होंने कहा, “दुनियाभर से लोग यहां माता के दर्शन के लिए आते हैं। यह स्थान आध्यात्मिक शांति और आनंद प्रदान करता है। गुरु गोविंद सिंह जी भी यहां कई महीने रुके थे, जिसके कारण इस स्थान का महत्व और बढ़ जाता है।”

नवरात्रि के इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर भक्ति और उत्साह से भरा रहा। माता के जयकारों से माहौल गुंजायमान था। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। श्री नैना देवी मंदिर में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगातार जारी है, और यह सिलसिला पूरे नवरात्रि के दौरान बना रहेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें