Last Updated: October 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

गुरुग्राम में दशहरा उत्सव के लिए पुलिस ने कसी कमर, सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम

October 2, 2025

गुरुग्राम में दशहरा उत्सव के लिए पुलिस ने कसी कमर, सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम

गुरुग्राम। विजयादशमी पर्व को शांतिपूर्ण और धूमधाम से मनाने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शहर में 50 से अधिक स्थानों पर रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन होना है। इस दौरान पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन से भी निगरानी रखी जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रावण दहन स्थलों के आसपास फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और पर्याप्त मात्रा में पानी की व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थलों पर बैरिकेडिंग कर आमजन के आने-जाने का मार्ग निर्धारित किया गया है। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस को भी अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है ताकि शोभा यात्राओं और झांकियों के दौरान यातायात सुचारू रहे।

पीआरओ संदीप कुमार ने कहा कि दशहरा पर्व को लेकर जुलूस और झांकियों पर विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। महिला पुलिसकर्मियों को भी भीड़ वाले इलाकों में तैनात किया गया है। वहीं पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा ने निर्देश दिए हैं कि संवेदनशील इलाकों पर खास नजर रखी जाए और किसी भी अफवाह या उपद्रव की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जाए।

रामलीला मैदानों और प्रमुख स्थलों जैसे लेजर वैली, सेक्टर-17 गीता भवन, जैकबपुरा, पालम विहार, वजीराबाद और सदर बाजार में बड़े स्तर पर दशहरा उत्सव मनाया जाएगा। जैकबपुरा के रामलीला मैदान में इस बार करीब 35 फुट ऊंचे पर्यावरण–अनुकूल रावण का दहन किया जाएगा, जिसमें ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल होगा।

शहर ही नहीं, सोहना, पटौदी और फर्रुखनगर समेत ग्रामीण इलाकों में भी रावण दहन के आयोजन होंगे। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे त्योहार के दौरान सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करें और सहयोग बनाए रखें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें