Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

शहीद आशीष कुमार की बहन की शादी में सेना ने निभाई भाई की जिम्मेदारी, तस्वीरें देख नम हो जाएंगी आंखें

October 4, 2025

शहीद आशीष कुमार की बहन की शादी में सेना ने निभाई भाई की जिम्मेदारी, तस्वीरें देख नम हो जाएंगी आंखें

हिमाचल डेस्क. हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के भरली गांव में एक ऐसा भावुक दृश्य देखने को मिला, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। यहाँ शहीद ग्रेनेडियर आशीष कुमार की बहन आराधना (पूजा) के विवाह समारोह में भारतीय सेना की एकजुटता और भाईचारे की मिसाल पेश की गई।

बता दें आशीष कुमार 19 ग्रेनेडियर बटालियन में अरुणाचल प्रदेश में तैनात थे और 27 अगस्त 2024 को ‘ऑपरेशन अलर्ट’ के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनकी शहादत के बाद पूरा क्षेत्र गर्व और दुःख से भर गया था।

ये भी पढ़ें: Haryana Accident : ट्रक और बस के बीच भीषण टक्कर… 52 यात्री थे सवार

सेना के जवान बने भाई

बहन की शादी के मौके पर आशीष की रेजिमेंट के सैनिक विशेष रूप से समारोह में पहुंचे और उन्होंने बहन आराधना की भाई की कमी महसूस न होने दी। सैनिकों ने विवाह में भाई बनकर सभी रस्में निभाईं। इस अवसर पर रेजिमेंट से आए जवानों ने बहन को सम्मान स्वरूप बैंक एफडी भेंट की, जबकि पांवटा-शिलाई भूतपूर्व सैनिक संगठन ने शगुन और स्मृति चिन्ह देकर परिवार के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

भावनाओं से भरा हुआ पल

जब दुल्हन आराधना ने सैनिक भाइयों से आशीर्वाद लिया तो सभी की आंखें नम हो गईं। विवाह के बाद सेना के जवानों और भूतपूर्व सैनिकों ने दुल्हन को ससुराल तक छोड़कर शहीद भाई की पूरी जिम्मेदारी निभाई। यह पल न सिर्फ परिवार के लिए बल्कि पूरे गांव के लिए गर्व का क्षण बन गया।

ये भी पढ़ें: ‘आज का भारत कौशल को प्राथमिकता देता है’, ITI टॉपरों को सम्मानित कर बोले पीएम मोदी

सैनिकों का संदेश

इस मौके पर भूतपूर्व सैनिक संगठन के सदस्यों ने कहा कि किसी सैनिक का बलिदान उसके परिवार के संघर्ष से अलग नहीं किया जा सकता। देश के लिए जान देने वाले शहीदों के परिवारों के साथ खड़ा रहना ही सच्ची देशभक्ति है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें