Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिहार आज देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के लिए भी मखाना उत्पादन का केंद्र बन चुका है: केंद्रीय कृषि मंत्री Shivraj Singh

October 4, 2025

बिहार आज देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के लिए भी मखाना उत्पादन का केंद्र बन चुका है: केंद्रीय कृषि मंत्री Shivraj Singh

नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज बिहार प्रवास के दौरान पटना में आयोजित मखाना महोत्सव-2025 में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बिहार आज देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के लिए भी मखाना उत्पादन का केंद्र बन चुका है। शिवराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए मखाना बोर्ड के गठन के साथ ही केंद्र और राज्य की नीतीश सरकार के अनेकानेक कार्यों के माध्यम से बिहार में विकास की बरसात हो रही है।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में युवाओं को, विशेषकर बिहार के युवाओं को 64 हजार करोड़ रुपये की ऐतिहासिक सौगात प्रदान की गई है। शिवराज सिंह ने कहा कि बिहार में बदरा बरस रहा है और विकास की बरसात भी हो रही है, आज विकसित भारत का सूरज बिहार के भाग्य पर चमक रहा है।

केंद्रीय मंत्री चौहान ने किसानों के लिए केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में घोषित प्रमुख फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) बढ़ोतरी का भी उल्लेख किया और कहा कि मसूर, उड़द और अरहर किसान जितना भी उत्पादन करेंगे, केंद्र सरकार उसे न्यूनतम समर्थन मूल्य पर पूरा खरीदेगी।

केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान ने मखाने को गरीबों के लिए “अद्भुत वरदान” बताते हुए कहा कि बिहार आज देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के लिए भी मखाना उत्पादन का केंद्र बन चुका है। पहले जहां मखाना केवल 3 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में उगाया जाता था, वहीं अब यह बढ़कर 35 हजार से 40 हजार हेक्टेयर तक पहुँच चुका है। शिवराज सिंह ने बताया कि मखाना उत्पादन और विपणन को प्रोत्साहन देने के लिए केंद्र सरकार ने मखाना बोर्ड गठित करने की अधिसूचना जारी कर दी है। यह बोर्ड मखाने पर अनुसंधान, विकास, मार्केटिंग, ब्रांडिंग और प्रमोशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके अलावा, मखाना प्रसंस्करण और उत्पादन के लिए आधुनिक मशीनों एवं नई किस्मों के विकास हेतु लगभग 475 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान ने बिहार के युवाओं से मखाना क्षेत्र में स्टार्टअप्स स्थापित करने की अपील की और आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि मखाना भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की डाइनिंग टेबल तक पहुँचे और किसानों की आय में निरंतर वृद्धि हो।

इस अवसर पर शिवराज सिंह ने “मखाना संस्कृति से समृद्धि* रिपोर्ट का विमोचन किया। समारोह में बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा सहित अन्य मंत्री तथा अनेक जनप्रतिनिधि और मखाना उत्पादक किसानों के साथ ही इस क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें