Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

साइक्लोन “शक्ति” का कहर, अरब सागर से दिल्ली तक मौसम ने बदला रंग, कई राज्यों में रेड अलर्ट जारी

October 6, 2025

साइक्लोन “शक्ति” का कहर, अरब सागर से दिल्ली तक मौसम ने बदला रंग, कई राज्यों में रेड अलर्ट जारी

Today’s Weather 06 Oct 2025 : अरब सागर में उठे साइक्लोन “शक्ति” ने अब गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले लिया है, जिससे भारत के कई राज्यों में मौसम ने अचानक करवट ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। साइक्लोन का असर न केवल तटीय इलाकों में बल्कि उत्तर भारत के मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों में भी दिखाई दे रहा है।

तटीय महाराष्ट्र और गुजरात में हाई अलर्ट
मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। समुद्र में लहरें 3-4 मीटर तक ऊंची उठ रही हैं और हवा की गति 65 किमी प्रति घंटे से भी अधिक होने की संभावना है। मुंबई में लोकल ट्रेनों और हवाई यातायात पर आंशिक प्रभाव देखा जा सकता है। गुजरात के सौराष्ट्र, द्वारका, जामनगर और सूरत में भी समुद्री गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।

दिल्ली-एनसीआर: तूफानी हवाएं और बारिश के साथ ठंड की दस्तक
राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में 6 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। सुबह की शुरुआत बादलों और हल्की धुंध के साथ हुई, लेकिन दोपहर तक तेज हवाएं (30-50 किमी/घंटा) चलने लगीं। मौसम विभाग के अनुसार, यह प्री-विंटर सीजन की शुरुआत मानी जा सकती है। ओलावृष्टि की आशंका के चलते NCR के कुछ इलाकों में सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश
हिमाचल में 8 अक्टूबर तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। राज्य के ऊना, हमीरपुर, चंबा, बिलासपुर, कुल्लू , कांगड़ा और मंडी जिले में आज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बात जम्मू-कश्मीर की करें तो यहां 7 अक्टूबर तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश की चेतावनी के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है। स्कूल-कॉलेज एतिहातन बंद कर दिए गए है।

हरियाणा में मूसलाधार बारिश
हरियाणा में भी आज मौसम विभाग की ओर से बारिश की संभावना जताई गई है। आज अंबाला, पंचकूला, पानीपत, फतेहाबाद, जींद, करनाल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, हिसार, रोहतक और सोनीपत में भारी बारिश हो सकती है। IMD के अनुसार गुरुग्राम, दादरी, महेंद्रगढ़, झज्जर, पलवल, रेवाड़ी, सिरसा, भिवानी, फरीदाबाद और नूंह में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

यूपी-बिहार: फसलों पर मंडराया संकट
उत्तर प्रदेश में सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर और मुरादाबाद समेत 13 जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। इस असामान्य मौसम से धान और गन्ने की फसलें भारी नुकसान की चपेट में आ सकती हैं। बिहार में मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज जैसे जिलों में तेज आंधी और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। दरभंगा और समस्तीपुर सहित अधिकांश जिलों में येलो अलर्ट जारी है।

दार्जिलिंग में आफत की बारिश, लैंडस्लाइड से हालात बिगड़े
पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में लगातार भारी बारिश से कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। NDRF की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। मौसम विभाग ने यहां 6 अक्टूबर तक रेड अलर्ट जारी किया है। दार्जिलिंग में अतिवृष्टि के बाद बालसन नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण दूधिया पुल का एक हिस्सा ढह गया।

7 अक्टूबर तक जारी रहेगा खतरा
IMD के मुताबिक, 7 अक्टूबर तक साइक्लोन शक्ति का असर देश के कई हिस्सों में देखने को मिलेगा। तटीय और उत्तर-पश्चिम भारत के इलाकों में बारिश और तूफानी हवाएं बनी रह सकती हैं। इस दौरान फ्लैश फ्लड, ट्रैफिक जाम, पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी घटनाएं हो सकती हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें