Last Updated: October 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

खरड़ में BCA छात्र की गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार… जांच में जुटी पुलिस

October 6, 2025

खरड़ में BCA छात्र की गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार… जांच में जुटी पुलिस

खरड़: मोहाली ज़िले के खरड़ इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ हिमाचल प्रदेश के एक 19 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान शिवांग राणा के रूप में हुई है, जो हिमाचल प्रदेश के ऊना ज़िले के रहने वाले थे और बीसीए की पढ़ाई कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार, शिवांग अपने दोस्त हरविंदर सिंह उर्फ हैरी के साथ खरड़ की गोल्डन सिटी कॉलोनी में रह रहा था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वारदात शनिवार रात एक पार्टी के बाद हुई, जहाँ कुछ दोस्तों के साथ मिलकर जश्न मनाया जा रहा था। देर रात जब शिवांग कमरे में बैठकर खाना खा रहा था, उसी दौरान उसे गोली मार दी गई।

पार्टी के बाद चली गोली

प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि पार्टी के दौरान हैरी अचानक घर से चला गया और कुछ देर बाद वापस आया, उसके पास एक पिस्तौल थी। दोस्तों द्वारा पूछने पर उसने दावा किया कि वह उसकी अपनी पिस्तौल है। रविवार तड़के लगभग साढ़े चार बजे अचानक गोली चलने की आवाज़ आई और जब बाकी लोग कमरे में पहुँचे, तो शिवांग खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ा था। हैरी के हाथ में पिस्तौल थी और वह खुद कह रहा था कि “मैंने इसे मार डाला।”

घबराकर बाकी दोस्त मौके से भाग निकले और एक दोस्त ने शिवांग के परिवार को सूचित किया। परिवार के कहने पर सभी दोस्त पुलिस के पास पहुँचे। पुलिस ने दो दोस्तों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है, जबकि आरोपी हैरी फिलहाल फरार है।

ये भी पढ़ें: हरियाणा में बारिश बनी मुसीबत, मंडियों में भीग रहा किसानों का धान

माँ की शिकायत पर केस दर्ज, जांच जारी

शिवांग की माँ, जो कि एक आशा कार्यकर्ता हैं, ने हत्या की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी हरविंदर सिंह उर्फ हैरी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या की वजह पुराना आपसी विवाद हो सकता है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

कॉलेज और कोचिंग के लिए आया था खरड़

परिजनों ने बताया कि शिवांग हिमाचल के ऊना जिले के एक सरकारी कॉलेज से बीसीए कर रहा था और जून 2025 में वह कंप्यूटर कोचिंग के सिलसिले में खरड़ आया था। यहाँ वह अपने पुराने दोस्त हैरी के साथ किराये पर रह रहा था। परिवार को इस बात का अंदेशा नहीं था कि उनका बेटा जिस दोस्त के साथ रह रहा है, वही उसकी जान ले लेगा।

पुलिस कर रही गहन जाँच

मोहाली पुलिस ने बताया कि घटना की जाँच जारी है और आरोपी की धरपकड़ के लिए टीमें ऊना और आस-पास के इलाकों में छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने घटनास्थल से पिस्तौल बरामद करने की बात भी कही है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

ये भी पढ़ें: Weak Global Cues का असर, भारतीय बाजार गिरावट के साथ खुला; IT-Metal Stocks में दबाव 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें