Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

Himachal News: चलती बस पर गिरा पहाड़ का मलबा, 18 की मौत; कई लोग दबे; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

October 7, 2025

Himachal News: चलती बस पर गिरा पहाड़ का मलबा, 18 की मौत; कई लोग दबे; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। जहां, भल्लू पुल के पास अचानक भूस्खलन (Landslide) हो गया। बताया जा रहा है कि जिस समय भूस्खलन हुआ, उसी वक्त सड़क से गुजर रही एक बस पर अचानक भारी मलबा गिर गया। इस बस में करीब 35 यात्री सवार थे। मलबा गिरते ही बस पूरी तरह से उसकी चपेट में आ गई। जिसके बाद 18 लोगों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार मलबे में कई लोग अंदर दब गये। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे दल ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। यह घटना बिलासपुर जिला के झंडूता उपमंडल के तहत बल्लू पुल के पास की बताई जा रही है।

अब तक 18 लोगों की मौत
घटना के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गया है। अभी तक की जानकारी के अनुसार, 18 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 6 शव बस से बाहर निकाले जा चुके हैं। बाकी यात्रियों को निकालने के लिए राहत कार्य जारी है।

राहत बचाव कार्य जारी
स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एनडीआरएफ की टीमों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया है। भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम किया जा रहा है ताकि बस में फंसे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकाला जा सके। इलाके में लोगों की भीड़ जुटी हुई है, और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भेजा जा रहा है।

लोगों में छाया मातम
इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। मौसम विभाग ने पहले ही भूस्खलन और भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी, लेकिन पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश से ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं।

सीएम ने हादसे पर जताया दुख
हादसे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”बिलासपुर जिला के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के बालूघाट (भल्लू पुल) के पास हुए भीषण भूस्खलन की खबर ने मन को भीतर तक झकझोर दिया है। इस भारी भूस्खलन में एक प्राइवेट बस के चपेट में आने से कई लोगों के निधन का दु:खद समाचार मिला है और कई अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका है।”

 

सीएम ने दिये बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
पोस्ट में आगे लिखा गया, ”रेस्क्यू ऑपरेशन युद्ध स्तर पर जारी है। अधिकारियों को पूरी मशीनरी लगाने के निर्देश दिए गए हैं। मैं स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की पल-पल की जानकारी ले रहा हूं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें और शोकाकुल परिवारों को संबल प्रदान करें। इस कठिन घड़ी में मैं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हूं।”

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें