Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM Modi जम्मू-कश्मीर में कृत्रिम गर्भाधान प्रशिक्षण केंद्र का करेंगे उद्घाटन

October 11, 2025

PM Modi जम्मू-कश्मीर में कृत्रिम गर्भाधान प्रशिक्षण केंद्र का करेंगे उद्घाटन

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को यहां कृषि क्षेत्र के लिए 35,440 रुपए के व्यय वाली ‘पीएम धन धान्य कृषि योजना’ समेत 2 बड़ी योजनाएं शुरू करेंगे। इनमें जम्मू-कश्मीर में कृत्रिम गर्भाधान प्रशिक्षण केंद्र भी शामिल है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि वह यहां भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) के एक ‘विशेष’ कार्यक्रम में भाग लेंगे और किसानों के साथ बातचीत भी करेंगे। इसमें कहा गया है कि यह कार्यक्रम किसान कल्याण, कृषि आत्मनिर्भरता और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता को बताता है।

पीएम धन धान्य कृषि योजना का परिव्यय 24,000 करोड़ रुपए है। इसका उद्देश्य कृषि उत्पादकता को बढ़़ाना, फसल विविधीकरण और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाना, पंचायत और प्रखंड स्तर पर फसल कटाई बाद के भंडारण को बढ़़ाना, सिंचाई सुविधाओं में सुधार करना और 100 चयनित जिलों में दीर्घकालिक और अल्पकालिक ऋण की उपलब्धता को सुविधाजनक बनाना है। बयान में कहा गया है कि मोदी 11,440 करोड़ रुपए के व्यय के साथ दलहन में आत्मनिर्भरता मिशन भी शुरू करेंगे। इसका उद्देश्य दालों की उत्पादकता के स्तर में सुधार करना, दालों की खेती के रकबे का विस्तार करना, मूल्य श्रृंखला (खरीद, भंडारण, प्रसंस्करण) को मजबूत करना और घाटे में कमी सुनिश्चित करना है। वह कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्रों में 5,450 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे, जबकि लगभग 815 करोड़ रुपए की अतिरिक्त परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।

प्रधानमंत्री जिन परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उनमें बेंगलुरु और जम्मू-कश्मीर में कृत्रिम गर्भाधान प्रशिक्षण केंद्र, राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत असम में एक आईवीएफ प्रयोगशाला, मेहसाणा, इंदौर और भीलवाड़ा में दूध पाउडर संयंत्र और तेजपुर में प्रधान मंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के तहत मछली चारा संयंत्र शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान, मोदी राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत प्रमाणित किसानों, एमएआईटीआरआई तकनीशियनों और प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्रों (पीएमकेएसके) और सामान्य सेवा केंद्रों (सीएससी) में परिर्वितत प्राथमिक कृषि सहकारी साख समितियों (पीएसीएस) को प्रमाण पत्र वितरित करेंगे। बयान में कहा गया है कि मोदी दलहन की खेती में लगे किसानों के साथ बातचीत करेंगे, जिन्हें कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन में मूल्य श्रृंखला-आधारित दृष्टिकोण स्थापित करने के उद्देश्य से विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभ हुआ है।

ये भी पढ़ें: Haryana: सफीदों की होली रंग फैक्ट्री में भीषण आग, 5 महिलाओं की झुलसकर मौत

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें