नेशनल डेस्क: राजस्थान के जैसलमेर जिले में मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। जैसलमेर से जोधपुर जा रही एक बस में अचानक आग लग गई, जिससे कम से कम 10-12 लोग गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौत की आशंका जताई जा रही है। इस हादसे में तीन बच्चे और चार महिलाएं भी शामिल हैं। यह घटना थैयत गांव के पास हुई, जो जैसलमेर से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा करीब 3:30 बजे हुआ। बस सुबह जैसलमेर से 57 यात्रियों को लेकर जोधपुर के लिए रवाना हुई थी। जैसे ही बस थैयत गांव के पास पहुंची, उसके पिछले हिस्से से धुआं निकलने लगा। कुछ ही क्षणों में पूरी बस आग की लपटों में घिर गई। यात्री बुरी तरह घबराए हुए थे, और उनमें चीख-पुकार मच गई। कई यात्री खिड़कियों और दरवाजों से कूद कर बस से बाहर निकलने में सफल हुए।
#WATCH | Rajasthan: A Jaisalmer-Jodhpur bus burst into flames in Jaisalmer. Fire tenders and Police present at the spot. pic.twitter.com/8vcxx5ID1q
— ANI (@ANI) October 14, 2025
आग लगने के बाद, आसपास के गांववाले और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की। उन्होंने जल स्रोतों से पानी और रेत का इस्तेमाल करके आग पर काबू पाने की कोशिश की। इसके बाद, दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में लगभग एक घंटे का समय लिया।
नगर परिषद के दमकलकर्मी पृथ्वीपाल सिंह राठौर ने कहा कि सूचना मिलने के 10 मिनट के भीतर उनकी टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। उन्होंने कहा, “हम पहुंचे तो कोई भी व्यक्ति जीवित नहीं मिला। अनुमान है कि बस के अंदर 10 से 12 लोग फंसे थे।”
घायलों को तुरंत स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीन एम्बुलेंसों में जवाहर अस्पताल, जैसलमेर भेजा गया। गंभीर रूप से झुलसे हुए लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारण का अब तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि, प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या इंजन का अधिक गर्म होना इसकी वजह हो सकता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जैसलमेर में बस में लगी आग की घटना अत्यंत हृदयविदारक है। इस दुखद हादसे से प्रभावित नागरिकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार एवं प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रभु श्रीराम दिवंगत आत्माओं को…
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) October 14, 2025
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कलेक्टर और एसपी से फोन पर बात कर पीड़ितों को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री खुद घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इस हादसे पर दुख व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उन्होंने ट्वीट किया, “जैसलमेर से जोधपुर जा रही बस में भीषण आग लगने से कई लोगों के हताहत होने का चिंताजनक समाचार मिला है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि इस हादसे में कम से कम जनहानि हो और झुलसे हुए लोग जल्दी स्वस्थ हो जाएं।”
मेष: दिन शुभ रहेगा...