Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

नगरोटा हमेशा भाजपा के पास रहेगा, देवयानी राणा को विधानसभा उपचुनाव जीतने का भरोसा

October 16, 2025

नगरोटा हमेशा भाजपा के पास रहेगा, देवयानी राणा को विधानसभा उपचुनाव जीतने का भरोसा

जम्मू Nagrota : भाजपा द्वारा बुधवार को जम्मू में नगरोटा विधानसभा उपचुनाव के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा के तुरंत बाद पार्टी के दिग्गज दिवंगत देवेंद्र सिंह राणा की बेटी देवयानी राणा ने विश्वास व्यक्त किया कि वह बड़े अंतर से जीत दर्ज करेंगी, क्योंकि उत्साही कार्यकर्ता और समर्थक उनके आवास पर उमड़ पड़े और ढोल की थाप पर नाचने लगे। भाजपा ने बुधवार को विभिन्न राज्यों में आगामी उपचुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की, जिसमें जम्मू और कश्मीर के नगरोटा और बडगाम से क्र मश: देवयानी राणा और आगा सैयद मोहसिन को मैदान में उतारा गया। पिछले अक्तूबर में देवेंद्र सिंह राणा के निधन के बाद नगरोटा सीट खाली हो गई थी, जबकि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा सीट खाली करने और गंदेरबल को बरकरार रखने के बाद बडगाम में उपचुनाव कराना पड़ा।

देवयानी ने संवाददाताओं से कहा मैं पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, सत्त शर्मा, तरु ण चुघ और अशोक कौल का हार्दिक आभार व्यक्त करती हूं। उन्होंने कहा कि उनकी उम्मीदवारी महज टिकट की घोषणा नहीं है, बल्कि उनके दिवंगत पिता द्वारा शुरू किए गए विजन और पहलों को आगे बढ़ाने का एक शानदार अवसर है। उन्होंने कहा लोगों के आशीर्वाद से हम नगरोटा को एक आदर्श निर्वाचन क्षेत्र बनाएंगे— राणा साहब के इसे विकसित भारत के प्रतीक में बदलने के सपने को पूरा करेंगे। उनकी उम्मीदवारी की घोषणा का जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक और नगरोटा के निवासी गांधी नगर स्थित देवयानी के आवास पर उमड़ पड़े। मीडिया और मोटर कंपनियों के पारिवारिक व्यवसाय का प्रबंधन करने वाली एक उद्यमी देवयानी ने कहा कि वह समर्पण और अनुशासन के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने दावा किया यह सीट भाजपा की थी और हमेशा भाजपा की ही रहेगी। कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में बीए करने वाली देवयानी ने महिलाओं और युवाओं को सशक्त बनाने के लिए भाजपा की सराहना की और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के विजन के तहत उनका लक्ष्य विकसित नगरोटा और विकसित जम्मू-कश्मीर बनाने के लिए काम करना है। भाजपा को न केवल एक पार्टी बल्कि एक परिवार कहते हुए उन्होंने कहा हम बातचीत में विश्वास नहीं करते, हम कार्रवाई में विश्वास करते हैं, हम जमीन पर काम करने और लोगों की सेवा करने में विश्वास करते हैं। साथ मिलकर, हम इस सीट को भारी अंतर से जीतेंगे। जम्मू और कश्मीर, ओडिशा, झारखंड, मिजोरम, पंजाब, तेलंगाना और राजस्थान की आठ सीटों पर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान 11 नवंबर को होगा और वोटों की गिनती 14 नवंबर को होगी।

उपचुनाव में उनकी संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर, देवयानी, जिन्हें पिछले साल जेके में भाजपा की युवा शाखा का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था, ने कहा लोग इसका जवाब देंगे। मुझे यकीन है कि मतदाता मुझे भारी समर्थन देंगे। जेके विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के कुछ दिनों बाद, 31 अक्टूबर, 2024 को देवेंद्र राणा का 59 वर्ष की आयु में निधन हो गया। चुनावों में देवेंद्र राणा ने नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के जोगिंदर सिंह को 30,472 मतों के बड़े अंतर से हराकर नगरोटा सीट जीत ली। बडगाम उपचुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी के बीच सीधा मुकाबला होने की उम्मीद है, वहीं नगरोटा में देवयानी राणा अपने पिता की मजबूत विरासत और निर्वाचन क्षेत्र में पार्टी के मजबूत जनाधार पर भरोसा कर रही हैं। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर है, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 24 अक्टूबर है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें