Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

यमुनानगर में तीन घटनाओं से मचा हड़कंप — खेतों से बिजली के तार चोरी, महिला से दुष्कर्म का प्रयास, सोने की अंगूठियां गायब

October 16, 2025

यमुनानगर में तीन घटनाओं से मचा हड़कंप — खेतों से बिजली के तार चोरी, महिला से दुष्कर्म का प्रयास, सोने की अंगूठियां गायब

यमुनानगर। जिले में बुधवार को तीन अलग-अलग घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर गांव नगली में किसानों के खेतों से बिजली की तारें चोरी हो गईं, वहीं दूसरी ओर शहर में महिला से दुष्कर्म का प्रयास और सोने की अंगूठियां चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सभी मामलों में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

खेतों से बिजली की तारें चोरी

गांव नगली 264 में देर रात अज्ञात चोरों ने तीन किसानों के खेतों से बिजली की केबल चोरी कर ली। सूचना मिलते ही एसडीओ धर्मवीर यादव मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण में सामने आया कि किसानों के खेतों से करीब 15 केबल तारें गायब हैं।
व्यासपुर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर नाराजगी जताई है और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

 

महिला से दुष्कर्म का प्रयास, आरोपी फरार

सेक्टर-17 थाना क्षेत्र की 50 वर्षीय महिला ने एक युवक पर घर में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जब वह घर पर अकेली थी, तभी आरोपी अनुज वहां पहुंचा और अश्लील हरकतें करने लगा। विरोध करने पर उसने जबरदस्ती करने की कोशिश की।
महिला के शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

 

सोने की दो अंगूठियां चोरी, परिचित पर शक

तीसरी घटना सेक्टर-18 पार्ट-2 की है, जहां रीना नामक महिला के घर से सोने की दो अंगूठियां चोरी हो गईं। रीना ने पुलिस को बताया कि आरोपी मुस्कान, जो चूना भट्टी की रहने वाली है, का उनके घर पर आना-जाना था। इसी दौरान उसने अंगूठियां चोरी कर लीं।
सेक्टर-17 थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें