Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

करनाल के कतलाहेड़ी के पास सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, रोडवेज बस चालक पर केस दर्ज

October 19, 2025

करनाल के कतलाहेड़ी के पास सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, रोडवेज बस चालक पर केस दर्ज

करनाल /निसिंग। राष्ट्रीय राजमार्ग-709ए पर शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। घटना कतलाहेड़ी गांव के समीप हुई, जहां रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गुल्लरपुर गांव निवासी 31 वर्षीय नीरज की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक के भाई कार्तिक ने बताया कि नीरज सुबह गांव जुंडला से बिजली की मोटर की बेल्ट लेने के लिए निकला था। बेल्ट लेकर लौटते समय जब वह कतलाहेड़ी गांव के समीप रजवाहे के पास पहुंचा, तो असंध की दिशा से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नीरज सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद नीरज को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

जुंडला चौकी पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद गांव में शोक का माहौल है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें