Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Navi Mumbai में दर्दनाक हादसाः बिल्डिंग में लगी भीषण आग, चार लोग जिंदा जले

October 21, 2025

Navi Mumbai में दर्दनाक हादसाः बिल्डिंग में लगी भीषण आग, चार लोग जिंदा जले

नेशनल डेस्क। मुंबई के नवी मुंबई के वाशी इलाके में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा  हो गया है। जहां, रहेजा कॉम्प्लेक्स की एक बिल्डिंग में रात करीब 2 बजे आग लग गई, जिसमें चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घायल लोगों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। हादसे के वक्त सभी लोग अपने घर में सो रहे थे। यह आग इतनी तेजी से फैली कि तीन फ्लैट पूरी तरह से जलकर खाक हो गए। आग लगने का कारण फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

तीन मंजिलों तक फैली आग की लपटें
जानकारी के अनुसार, आग 10वीं मंजिल पर लगी थी, लेकिन कुछ ही मिनटों में यह 11वीं और 12वीं मंजिल तक फैल गई। नवी मुंबई नगर निगम (NMMC) के अग्निशमन विभाग ने तुरंत कार्रवाई की। वाशी, नेरुल, ऐरोली और कोपरखैरणे फायर स्टेशनों से कई दमकल गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने तेजी से पाइपलाइन बिछाकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी।

 

फायर ब्रिगेड ने किया रेस्क्यू ऑपरेशन
एनएमएमसी के मुख्य अग्निशमन अधिकारी पुरुषोत्तम जाधव के मुताबिक, बचाव अभियान के दौरान चार लोगों के शव मिले और करीब 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

 

मृतकों की पहचान इस प्रकार की गई है

-वेदिका सुंदर बालकृष्णन (6 वर्ष)

-कमला हीरालाल जैन (84 वर्ष)

-सुंदर बालकृष्णन (44 वर्ष)

-पूजा राजन (39 वर्ष)

मुंबई के शिवशक्ति नगर में भी आग की घटना
इसी के साथ सोमवार सुबह मुंबई के कफ परेड इलाके के शिवशक्ति नगर में भी आग लगने की खबर आई। यह आग एक एक मंजिला चॉल में सुबह करीब 4:15 बजे लगी। इस हादसे में 15 साल के यश विट्ठल खोत की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग झुलस गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

आग लगने के कारणों की जांच जारी
दोनों घटनाओं में आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। फायर डिपार्टमेंट और पुलिस की टीम जांच में जुटी हुई है कि क्या यह शॉर्ट सर्किट या गैस लीक जैसी किसी वजह से हुआ।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें