Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘बचके रहना रे मोदी जी’, आसियान सम्मेलन में वर्चुअल भागीदारी पर जयराम रमेश का तंज

October 23, 2025

‘बचके रहना रे मोदी जी’, आसियान सम्मेलन में वर्चुअल भागीदारी पर जयराम रमेश का तंज

नेशनल डेस्क: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा है कि वह मलेशिया के कुआलालंपुर में होने वाले 47वें आसियान शिखर सम्मेलन में इसलिए नहीं जा रहे हैं क्योंकि वे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने आने से बचना चाहते हैं। रमेश ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स (X)’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “प्रधानमंत्री शायद बॉलीवुड का वह पुराना हिट गाना याद कर रहे होंगे, ‘बचके रहना रे बाबा, बचके रहना रे’।”

 ये भी पढ़ें: 24000 हुए सस्ती हुई चांदी, सोने के भी गिरे दाम… रिकॉर्ड हाई के बाद आई बड़ी गिरावट

उन्होंने कहा कि कई दिनों से इस बात की चर्चा थी कि मोदी इस सम्मेलन में शामिल होंगे या नहीं। अब यह साफ़ हो गया है कि वे कुआलालंपुर नहीं जाएंगे और केवल वर्चुअल तरीके से इसमें शामिल होंगे। रमेश ने तंज कसा कि इससे मोदी को “दुनिया के नेताओं से गले मिलने, तस्वीरें खिंचवाने और खुद को विश्वगुरु बताने” का मौका नहीं मिलेगा।

 

ट्रंप से बचने का आरोप

जयराम रमेश ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी का यह फैसला इसलिए है क्योंकि वे डोनाल्ड ट्रंप के साथ आमने-सामने आने से बचना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी ने 13 अक्टूबर को मिस्र में हुए गाज़ा शांति सम्मेलन में भी इसी वजह से हिस्सा नहीं लिया था। रमेश ने कहा, “मोदी ट्रंप के सामने झुकना नहीं चाहते। ट्रंप ने हाल ही में बार-बार दावा किया है कि उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रोकवाया और भारत को रूस से तेल खरीदना बंद करने के लिए राज़ी किया। ऐसे में मोदी के लिए उनके साथ सार्वजनिक रूप से दिखना अब बहुत जोखिम भरा है।” उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर ट्रंप की तारीफ़ करना एक बात है, लेकिन उनके साथ मंच साझा करना “राजनीतिक रूप से खतरनाक” हो सकता है।

 ये भी पढ़ें:  ‘हम बिहार की तरक्‍की के लिए साथ आए’, सीएम फेस घोषित होने के बाद बोले तेजस्‍वी यादव

मलेशिया के प्रधानमंत्री की पुष्टि

मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने बुधवार को पुष्टि की कि प्रधानमंत्री मोदी दीपावली समारोह के कारण कुआलालंपुर नहीं आएंगे और सम्मेलन में ऑनलाइन (वर्चुअल रूप से) भाग लेंगे। अनवर इब्राहिम ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि दीपावली के कारण वे वर्चुअल रूप से भाग लेंगे। मैं उनके इस निर्णय का सम्मान करता हूँ और भारत के सभी लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं देता हूं।”

उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने हाल ही में मोदी के एक करीबी सहयोगी से बात की है और दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, शिक्षा, प्रौद्योगिकी और सुरक्षा के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई है। अनवर ने कहा कि मलेशिया भारत के साथ संबंधों को रणनीतिक और व्यापक स्तर पर मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और आसियान देशों के साथ भारत का सहयोग बढ़ाने का समर्थन करता है।

ट्रंप की एशिया यात्रा

इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी आगामी एशियाई यात्रा की घोषणा की है। उनकी यात्रा में मलेशिया, दक्षिण कोरिया और जापान शामिल हैं। इस दौरान वे दक्षिण कोरिया में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ एक अहम बैठक भी करेंगे, जो क्षेत्रीय राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें