इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इन दिनों तीन देशों की यात्रा पर हैं। इस दौरान वे आसियान शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए मलेशिया जा रहे हैं। मलेशिया रवाना होने से पहले ट्रंप ने कतर की राजधानी दोहा में स्थित अल-उदीद एयर बेस पर कुछ समय के लिए रुककर मीडिया से बातचीत की।
इस बातचीत में ट्रंप ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच हुए युद्धविराम का श्रेय खुद को दिया। उन्होंने कहा- मैंने यह युद्धविराम करवाया। अगर आप भारत और पाकिस्तान के बीच हुए समझौते को देखें, तो वो रूस और यूक्रेन के विवाद से भी मुश्किल था, लेकिन हमने यह कर दिखाया।
ये भी पढ़ें: उतार-चढ़ाव के बीच सोने की नई कीमतें आई सामने, जानें अब किस रेट में मिल रहा है सोना?
पत्रकारों ने जब ट्रंप से पूछा कि क्या वे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से दोबारा मुलाकात करेंगे तो उन्होंने कहा कि यह बैठक फिलहाल अनिश्चित काल के लिए टाल दी गई है। मुझे पता होना चाहिए कि पुतिन के साथ कोई समझौता संभव है या नहीं। अगर नहीं, तो मैं अपना समय बर्बाद नहीं करूंगा। पुतिन के साथ मेरे हमेशा अच्छे संबंध रहे हैं, लेकिन यह स्थिति निराशाजनक है।
उन्होंने यह भी बताया कि पुतिन ने फोन पर उनसे बातचीत के दौरान अजरबैजान और आर्मेनिया के बीच हुए शांति समझौते की सराहना की थी। पुतिन ने मुझसे कहा था कि वाह यह अद्भुत था। कई लोगों ने कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए।
मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने मध्य पूर्व (Middle East) में स्थायी शांति की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि इजरायल और हमास के बीच युद्धविराम कायम रहेगा, लेकिन अगर ऐसा नहीं हुआ तो हमास को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।
ये भी पढ़ें: छठ महापर्व में खलल डाल सकती है बारिश, पहाड़ों में बर्फबारी तो तटीय इलाकों में चक्रवात का खतरा
ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर युद्धविराम नहीं टिका तो हमास के लिए बहुत बड़ी समस्या खड़ी हो जाएगी। उनके साथ निपटना मुश्किल नहीं होगा। मुझे उम्मीद है कि यह समझौता कायम रहेगा।
बता दें अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की यह यात्रा तीन देशों मलेशिया, जापान और दक्षिण कोरिया की है। कुआलालंपुर में होने वाले आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप की चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से भी मुलाकात होने की संभावना है। दोनों नेता अपने बीच चल रहे व्यापार युद्ध को रोकने पर चर्चा करेंगे।