Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

विराट कोहली बने वनडे में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज!

October 26, 2025

विराट कोहली बने वनडे में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज!

सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शनिवार को खेले गए तीसरे वनडे में विराट कोहली ने फॉर्म में वापसी की। पहले और दूसरे मैच में खाता खोलने में असफल रहे कोहली ने 74 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दम पर विराट ने श्रीलंका के पूर्व कप्तान और दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार संगाकारा को पीछे छोड़ दिया।

विराट कोहली ने 81 गेंद पर 74 रन की नाबाद पारी खेली। इस पारी में विराट ने 7 चौके लगाए। पारी का 54वां रन बनाते ही वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में विराट ने कुमार संगाकारा को पीछे छोड़ दिया। विराट के वनडे में 14,255 रन हो गए।

वे अब वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे नंबर पर आ गए हैं। सचिन तेंदुलकर ने 1989 से 2012 के बीच 463 मैचों की 452 पारियों में 41 बार नाबाद रहते हुए 44.83 की औसत से 49 शतक और 96 अर्धशतक लगाते हुए 18,426 रन बनाए हैं।

तेंदुलकर का सर्वाधिक स्कोर नाबाद 200 है। विराट कोहली ने 2008 से 2025 के बीच 305 मैचों की 293 पारियों में 46 बार नाबाद रहते हुए 57.71 की औसत से 14,255 रन बनाए हैं। विराट ने 51 शतक और 75 अर्धशतक लगाए हैं। कुमार संगाकारा तीसरे नंबर पर आ गए हैं।

संगाकारा ने 404 मैचों की 380 पारियों में 41 बार नाबाद रहते हुए 41.98 की औसत से 14,234 रन बनाए हैं। संगाकारा ने 25 शतक और 93 अर्धशतक लगाए। विराट कोहली और तेंदुलकर के कुल वनडे रनों के बीच 4,000 से ज्यादा रनों का फासला है।

कोहली एकमात्र खिलाड़ी हैं जो तेंदुलकर के करीब हैं। उनका करियर संभवत: वनडे विश्व कप 2027 तक हो सकता है। ऐसे में सचिन तेंदुलकर का वनडे में सर्वाधिक रनों का रिकॉर्ड लंबे समय तक सुरक्षित रहने वाला है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें