Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली CM रेखा गुप्ता ने मंगोलपुरी में छठ पूजा की रौनक और श्रद्धा का लिया अनुभव

October 28, 2025

दिल्ली CM रेखा गुप्ता ने मंगोलपुरी में छठ पूजा की रौनक और श्रद्धा का लिया अनुभव

नई दिल्ली: लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा की भव्यता, श्रद्धा और दिव्यता का नजारा सोमवार को दिल्ली के मंगोलपुरी स्थित छठ पार्क में देखने को मिला, जब दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वयं यहां पहुंचकर श्रद्धालुओं के बीच इस पर्व की पवित्र ऊर्जा का अनुभव किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ इस अवसर पर दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सांसद योगेंद्र चंदोलिया और विधायक राजकुमार चौहान भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर व्रतधारी माताओं एवं श्रद्धालुओं को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं और अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य अर्पित करने की दिव्य प्रक्रिया का साक्षी बने।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि यह लोकआस्था, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का उत्सव है। यह पर्व हमारे जीवन में स्वच्छता, संयम, निष्ठा और सामूहिक सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली सरकार हर समुदाय और धर्म के पर्वो को समान सम्मान के साथ मनाने के लिए प्रतिबद्ध है। दिल्ली में यमुना तटों से लेकर विभिन्न पार्को तक इस वर्ष छठ पूजा को बड़े पैमाने पर मनाया जा रहा है।

सभी स्थलों पर स्वच्छता, सुरक्षा, प्रकाश और जल व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि छठी मैया के आशीर्वाद से दिल्ली निरंतर आगे बढ़ रही है और यह पर्व दिल्लीवासियों में नई ऊर्जा, आशा और उत्साह का संचार कर रहा है। उन्होंने प्रार्थना की छठी मैया की असीम कृपा से दिल्ली सदा सुखी, समृद्ध और प्रगतिशील रहे। हर घर में उजाला, हर दिल में विश्वास और हर जीवन में नई ज्योति बनी रहे।

ये भी पढ़ें- ओस्लो में अमेरिकी दूतावास के पास जोरदार धमाका, जांच में जुटी पुलिस

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें