Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

न कोई भगवान, न ही पूजा-पाठ… फिर भी इस मंदिर में आते हैं हजारों लोग

November 6, 2025

न कोई भगवान, न ही पूजा-पाठ… फिर भी इस मंदिर में आते हैं हजारों लोग

अजब-गजब: हैदराबाद अपने ऐतिहासिक मंदिरों और खूबसूरत जगहों के लिए मशहूर है। यहां कई ऐसे प्रसिद्ध मंदिर हैं, जहां रोज़ हजारों भक्त दर्शन के लिए आते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं, इसी शहर में एक ऐसा मंदिर भी है जहां न तो कोई देवता हैं, न मूर्ति और न ही पूजा-पाठ होता है? दरअसल, यह कोई असली मंदिर नहीं बल्कि एक फिल्मी सेट है।

कहां है यह अनोखा मंदिर?

यह मंदिर हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी में बना है। यह जगह दुनिया की सबसे बड़ी फिल्म सिटी मानी जाती है, जहां रोज़ देश-विदेश से पर्यटक घूमने आते हैं। इस फिल्म सिटी में फिल्मों की शूटिंग के लिए अलग-अलग तरह के सेट बनाए गए हैं, जैसे गांव, शहर, सड़क, पुलिस स्टेशन और मंदिर। इसी में से एक सेट फिल्मी मंदिर है, जिसे फिल्मों की जरूरत के अनुसार सजाया जाता है।

फिल्मों में दिखने वाला मंदिर

आपने फिल्मों में कई बार मंदिर के दृश्य देखे होंगे, जहां नायक-नायिका भगवान से मन्नत मांगते हैं या पूजा करते दिखाई देते हैं। असल में ज्यादातर फिल्मों में यह सीन किसी असली मंदिर में नहीं बल्कि रामोजी फिल्म सिटी के इसी सेट पर शूट किए जाते हैं। जरूरत के हिसाब से यहां अस्थायी मूर्ति या देवी-देवता की प्रतिमा रख दी जाती है और शूट खत्म होते ही उसे हटा दिया जाता है।

यहां शूट हुआ था चेन्नई एक्सप्रेस का मशहूर सीन

रामोजी फिल्म सिटी के टूर गाइड बताते हैं कि फिल्म ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ का वह प्रसिद्ध दृश्य, जिसमें शाहरुख खान दीपिका पादुकोण को गोद में उठाकर मंदिर की सीढ़ियां चढ़ते हैं, इसी सेट पर फिल्माया गया था। फिल्म में जो सीढ़ियां बहुत ऊंची दिखाई गई हैं, असल में वे इतनी ऊंची नहीं हैं। कैमरे के एंगल और स्पेशल इफेक्ट्स की वजह से उन्हें ऊंचा दिखाया गया। आज भी इस सीन की वजह से हजारों सैलानी इस मंदिर सेट को देखने आते हैं।

कैसे पहुंचें इस फिल्मी मंदिर तक?

रामोजी फिल्म सिटी हैदराबाद शहर के केंद्र से लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित है। यहां आप बस, टैक्सी या ऑटो से आसानी से पहुंच सकते हैं। प्रवेश टिकट की कीमत लगभग ₹1950 प्रति व्यक्ति है, हालांकि बच्चों, छात्रों और ग्रुप विज़िट के लिए छूट भी मिलती है। यहां रोज़ाना फिल्म सेट्स का गाइडेड टूर कराया जाता है, जिसमें पर्यटक इस मंदिर सेट सहित कई प्रसिद्ध शूटिंग लोकेशन देख सकते हैं।

क्यों खास है यह जगह

यह मंदिर भले ही असली न हो, लेकिन इसके साथ कई फिल्मों की यादें जुड़ी हैं। फिल्म प्रेमियों के लिए यह जगह एक मिनी बॉलीवुड टूर जैसी है, जहां वे कैमरे के पीछे की दुनिया को करीब से देख सकते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें