Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab Weather: पंजाब में बढ़ी सर्द हवाओं की दस्तक, जानें अपने शहरों में मौसम का हाल

November 7, 2025

Punjab Weather: पंजाब में बढ़ी सर्द हवाओं की दस्तक, जानें अपने शहरों में मौसम का हाल

पंजाब डेस्क: पंजाब में मौसम ने करवट ले ली है। पिछले कुछ दिनों से राज्य भर में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों ने सर्दी का अहसास करना शुरू कर दिया है। पश्चिमी विक्षोभ के असर और पहाड़ों पर जारी बर्फबारी के कारण पंजाब में ठंडी हवाएँ चलने लगी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में ठंड का असर और तेज़ होने की संभावना है।

दिन और रात दोनों में आई ठंडक

मौसम विज्ञान केंद्र की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में पंजाब के अधिकांश हिस्सों में तापमान में 0.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। वर्तमान में राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 1.7 डिग्री कम चल रहा है। वहीं, रात के तापमान में भी औसतन 4 डिग्री की कमी आई है। इससे सुबह-शाम की ठंड अब साफ़ महसूस की जा रही है, जिसे सर्दी की शुरुआत माना जा रहा है।

फरीदकोट में सबसे कम तापमान 7.9 डिग्री

राज्य में सबसे ठंडा शहर इस समय फरीदकोट है, जहाँ न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाकी जिलों में भी तापमान तेजी से नीचे जा रहा है अमृतसर में 10.7 डिग्री, लुधियाना में 14.4 डिग्री, पटियाला में 18.4 डिग्री, बठिंडा में 12 डिग्री और गुरदासपुर में 11.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

मुख्य शहरों में तापमान का हाल

अमृतसर: अधिकतम 26°C, न्यूनतम 11°C

जालंधर: अधिकतम 27°C, न्यूनतम 11°C

लुधियाना: अधिकतम 30°C, न्यूनतम 14°C

पटियाला: अधिकतम 29°C, न्यूनतम 13°C

मोहाली: अधिकतम 29°C, न्यूनतम 15°C

इन आँकड़ों से स्पष्ट है कि सर्द हवाएँ पंजाब के मैदानी इलाकों तक पहुँच चुकी हैं और अगले कुछ दिनों में सर्दी और बढ़ सकती है।

ये भी पढ़ें: सोने-चांदी की कीमतों में 2000 रुपए का उछाल! जानें नई कीमतें

पराली जलाने के मामलों में उछाल

मौसम में बदलाव के साथ-साथ पराली जलाने के मामलों में भी फिर से वृद्धि देखी गई है। गुरुवार को राज्य भर में 351 नए मामले दर्ज किए गए। इनमें सबसे अधिक 46 मामले मोगा में सामने आए। मुक्तसर में 40, संगरूर में 31, लुधियाना में 29, फिरोजपुर और तरनतारन में 28-28, बठिंडा में 27, अमृतसर में 25, मानसा में 24 और पटियाला में 21 मामले दर्ज किए गए।

आने वाले दिनों में क्या रहेगा मौसम का रुख

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट संभव है। पहाड़ी इलाकों में जारी बर्फबारी से ठंडी हवाएँ पंजाब के मैदानी क्षेत्रों में और सर्दी बढ़ाएँगी।पंजाब में सर्दी की यह पहली ठंडी लहर है, और मौसम विभाग के मुताबिक नवंबर के दूसरे हफ्ते से सुबह-शाम कोहरे और ठंड में और इज़ाफा होने की पूरी संभावना है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें