मुंबई : पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के सुपरस्टार जानी ने एक बार फिर अपने रोमांटिक अंदाज से फैंस का दिल जीत लिया है। उनका नया गाना ‘अप्सरा 2’ रिलीज हो चुका है और सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है। जानी ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए फैंस से वीडियो देखने और फीडबैक देने की अपील की।
जानी का कहना है कि ‘अप्सरा 2’ उनके दिल के बेहद करीब है। यह सिर्फ एक म्यूजिक वीडियो नहीं है, बल्कि एक अधूरी प्रेम कहानी का एहसास भी है। गाने में पहले वाले ‘अप्सरा’ की ही खूबसूरत मॉडल डायना टिटकोवा नजर आ रही हैं। दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री फैंस को एक बार फिर दीवाना बना रही है।
‘अप्सरा 2’ की कहानी वहीं से शुरू होती है, जहां पहली ‘अप्सरा’ खत्म हुई थी। इस बार इमोशन्स और गहराई को और बढ़ा दिया गया है। वीडियो की शुरुआत में जानी दिल छू लेने वाली पंजाबी शायरी कहते हैं, जिसमें वे उन लड़कों की भावनाओं को व्यक्त करते हैं जो पहली बार प्यार में पड़ते हैं और उस एहसास में खो जाते हैं।
![]()
गाने में जानी और डायना के बीच की केमिस्ट्री बेहद रोमांटिक और नेचुरल लग रही है। डायना का मासूम किरदार दर्शकों के दिलों में जगह बना लेगा। वीडियो में कई प्यारे और रोमांटिक पल दिखाए गए हैं, लेकिन अंत में ऐसा ट्विस्ट आता है जो फैंस को हैरान कर देता है। यही ट्विस्ट ‘अप्सरा 2’ को सिर्फ एक रोमांटिक गाने से आगे बढ़ाकर एक इमोशनल एक्सपीरियंस बना देता है।
पहले गाने ‘अप्सरा’ में जानी के रूस के सफर और विदेशी धरती पर दो दिलों के मिलन को दिखाया गया था। इस बार ‘अप्सरा 2’ में कहानी आगे बढ़ती है और उसमें इमोशनल गहराई जोड़ दी गई है। जानी ने गाने के बोल भी लिखे हैं और अपनी आवाज से इसे और खास बनाया है। फीमेल वोकल सिंगर असीस कौर ने गाने में जान डालने का काम किया है।
‘अप्सरा 2’ सिर्फ एक म्यूजिक वीडियो नहीं, बल्कि जानी और डायना की जोड़ी के साथ रोमांस और इमोशन का पूरा पैकेज है, जो दर्शकों के दिलों को छू रहा है।