निसिंग: गांव गोंदर से निसिंग मार्ग पर बुगा फार्म के पास अनियंत्रित होकर देर रात्रि एक कार खेत में पलट गई। इसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई,जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने 27 वर्षीय रमन शर्मा गोंदर निवासी मृत घोषित कर दिया,जबकि उसका दूसरा साथी गोल्डी 28 वर्षीय चोचड़ा निवासी गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीण नरेश,मुनीष, रोहताश,संजीव कुमार ने बताया कि गांव में जन्मदिन पार्टी मनाकर निसिंग आ रहे थे और बीच रास्ते में बुगा फार्म के पास उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। पुलिस ने मृतक रमन शर्मा के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना की पुलिस जांच कर रही है।