करनाल। तहसील में 1 नवंबर से जमीन की रजिस्ट्री पूरी तरह पेपरलेस कर दी गई है। लेकिन नए सॉफ्टवेयर में तकनीकी दिक्कतें आने से कामकाज प्रभावित है। सिस्टम बार-बार फेल हो रहा है, जिसके कारण न तो रजिस्ट्री पूरी हो पा रही है और न ही टोकन कट पा रहे हैं।
वहीं, राजस्व विभाग के अधिकारियों का कहना है कि समस्या को दूर करने के लिए केंद्रीय स्तर पर पोर्टल को अपडेट किया जा रहा है। यह प्रक्रिया करीब 10 दिन में पूरी होने की उम्मीद है। तब तक लोगों को रजिस्ट्री कराने में परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
नायब तहसीलदार राजेश खुराना ने बताया कि पोर्टल को अपग्रेड करने का कार्य शुरू हो चुका है। फिलहाल जिन रजिस्ट्री में दस्तावेज कम हैं, वे आसानी से पूरी हो रही हैं। हालांकि जिन लोगों के टोकन नहीं कट पा रहे, उन्हें कुछ दिन इंतजार करना होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि अब ऑफलाइन रजिस्ट्री सिस्टम पूरी तरह बंद कर दिया गया है। अब सभी कार्य नए डिजिटल पोर्टल के जरिए ही होंगे। इसके लिए तय प्रक्रिया को पूरा करना अनिवार्य है।