पानीपत। शहर के जीटी रोड पर कई स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल लाइटें खराब पड़ी हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सिग्नल बंद रहने के कारण मुख्य मार्गों पर आए दिन जाम की स्थिति बन रही है।
जानकारी के अनुसार, अनाज मंडी मोड़, गोहाना रोड और जिला सचिवालय के सामने लगे सिग्नल काफी समय से बंद हैं। समस्या को बार-बार प्रशासन और ट्रैफिक विभाग के संज्ञान में लाने के बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय राहगीरों मनोज, सुरेश और राघव ने बताया कि शहर के कई सिग्नल लंबे समय से बंद पड़े हैं, जिससे वाहन चालकों को जाम में फंसना पड़ता है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने प्रशासन से जल्द सिग्नल लाइटों को दुरुस्त करवाने की मांग की है ताकि यातायात व्यवस्था सामान्य हो सके।
लोगों का कहना है कि सिग्नल पॉइंट्स पर ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी भी समय पर नहीं रहती, जिसके कारण स्थिति और बिगड़ जाती है।
इस मामले पर डीएसपी ट्रैफिक सुरेश सैनी ने बताया कि, “शहर में कई जगह तकनीकी खराबी के कारण सिग्नल लाइटें बंद हैं। कर्मचारियों को बुलाकर जल्द इन्हें ठीक कराया जाएगा। साथ ही जहां सिग्नल बंद हैं, वहां पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है ताकि कोई हादसा न हो।