
अंबाला। लंबित बिजली बिल को लेकर बड़ा विवाद हो गया। सरसेहड़ी गांव में बिल वसूली पर पहुंचे सहायक लाइनमैन के साथ मारपीट हुई। कर्मचारी सुभाष ने गांव निवासी प्रमोद पर आरोप लगाए हैं। पुलिस और उच्चाधिकारियों को शिकायत दी गई है।
सुभाष ने बताया कि निगम की तरफ से बकायेदारों पर अभियान चल रहा है। वह अपने साथी आशीष के साथ गुरुवार को सरसेहड़ी पहुंचे थे। उपभोक्ता प्रमोद घर पर नहीं थे। उनकी पत्नी ने उन्हें मौके पर बुलाया।
सुभाष के अनुसार प्रमोद को बताया गया कि उनके नाम पर दो मीटर चल रहे हैं। करीब 70 हजार रुपये का बिल बकाया है। भुगतान के लिए दो दिन का समय दिया गया। इसके बाद मीटर काट दिया जाता। आरोप है कि यह सुनते ही प्रमोद ने थप्पड़ मार दिए और गाली-गलौज की। दोनों कर्मचारी वहां से लौट आए।
सुभाष ने इसकी सूचना यूनियन प्रधान बलवंत यादव को दी। यूनियन ने कहा कि कर्मचारी विभागीय आदेश पर गया था। उसके साथ मारपीट अस्वीकार्य है। यूनियन ने चेतावनी दी कि आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर हड़ताल की जाएगी।
उधर, प्रमोद ने मारपीट के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि दो लोग घर आए थे। पहचान पत्र मांगने पर नहीं दिखा सके। उन्होंने जेई से बात करवाई और बताया कि बिल दुरुस्त होने पर ही भुगतान करेंगे।
एसडीओ मोहित ने बताया कि मामला संज्ञान में है। शिकायत के आधार पर उपभोक्ता से पूछताछ की जाएगी। आगे की कार्रवाई नियमों के अनुसार होगी।