जम्मू: उपराज्यपाल मनोज सिन्हा रविवार को श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित नगर कीर्तन में शामिल हुए। उन्होंने जम्मू के डिगियाना स्थित गुरुद्वारा संत मेला सिंह दस्तकारी आश्रम में मत्था टेका। उपराज्यपाल ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सिख धर्म के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी द्वारा नैतिक मूल्यों, धार्मिकता, गरिमा और धार्मिक स्वतंत्रता के सिद्धांतों को बनाए रखने के लिए किए गए जीवन भर के अभियानों और सर्वोच्च बलिदान को याद किया। उपराज्यपाल ने कहा, ‘श्री गुरु तेग बहादुर जी त्याग और सार्वभौमिक भाईचारे की प्रतिमूर्ति थे और इस अवसर पर हमें शांति और सद्भाव के उनके आदर्शों का पालन करने की पुष्टि करनी चाहिए।’ उपराज्यपाल ने इस बात पर प्रकाश डाला कि गुरु तेग बहादुर जी ने समाज में एक नई क्रांति लाकर आशा की एक नई किरण जगाई।
उन्होंने कहा, ‘गुरु जी के आदर्श हमारे पवित्र तीर्थ हैं। गुरु जी ने निस्वार्थ सेवा की भावना जागृत की है और राष्ट्र में एक नई इच्छाशक्ति का संचार किया है।’ उपराज्यपाल ने कहा कि महान सिख गुरुओं के बलिदान ने यह सुनिश्चित किया है कि भारत की संस्कृति और गरिमा बरकरार रहे। उन्होंने कहा, ‘हमारे पूजनीय सिख गुरुओं ने अपने महत्वपूर्ण योगदान और निस्वार्थ बलिदान से भारत का गौरव सुनिश्चित किया। सदियों के बाहरी आक्रमणों और आर्थिक क्षति के बावजूद भारत आज भी पूरी शक्ति और गौरव के साथ खड़ा है। हमें अपने सपनों के नए भारत के निर्माण के लिए दृढ़ संकल्पित रहना चाहिए।’
उपराज्यपाल ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के समर्पण और व्यावसायिकता की प्रशंसा करते हुए कहा कि अखिल भारतीय आतंकवादी मॉड्यूल का पता लगाने और उसे ध्वस्त करने में उनकी त्वरित कार्रवाई ने देश भर में योजनाबद्ध आतंकवादी हमलों की एक शृंखला को रोककर अनगिनत लोगों की जान बचाई है। उन्होंने नौगाम पुलिस स्टेशन में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर भी गहरा दुख व्यक्त किया, जहां गिरμतार आतंकवादियों से बरामद विस्फोटक सामग्री के नमूने लेने के दौरान आकस्मिक विस्फोट हो गया। उपराज्यपाल ने कहा, ‘दुख की बात है कि हमने जम्मू-कश्मीर पुलिस के बहादुर जवानों और अधिकारियों को खो दिया।
मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूँ। पिछले 2 दिनों से विस्फोटकों के नमूने लेने की प्रक्रिया चल रही थी। इसमें किसी भी आतंकवादी साजिश या बाहरी हस्तक्षेप का कोई पहलू नहीं है।’ महंत मंजीत सिंह, अजीत सिंह अध्यक्ष, आॅल जेएंडके सिख कोआॅर्डिनेशन कमेटी, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के सदस्य,नगर कीर्तन में समुदाय के नेता, विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रमुख और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस अवसर पर विधान सभा सदस्य डा. नरिंदर सिंह रैना और विक्रम रंधावा ,जम्मू के संभागीय आयुक्त रमेश कुमार,जम्मू के पुलिस महानिरीक्षक भीम सिंह टूटी, जम्मू-सांबा-कठुआ रेंज के उप महानिरीक्षक शिव कुमार शर्मा,पुलिस और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...