Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

मुशफिकुर रहीम ने रचा इतिहास, 100वें टेस्ट में जड़ा शानदार शतक

November 20, 2025

मुशफिकुर रहीम ने रचा इतिहास, 100वें टेस्ट में जड़ा शानदार शतक

स्पोर्ट्स डेस्क : ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे बांग्लादेश बनाम आयरलैंड टेस्ट सीरीज़ का दूसरा मुकाबला अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज़ मुशफिकुर रहीम के लिए किसी यादगार लम्हे से कम नहीं रहा। बता दें कि बांग्लादेश क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज़ों में गिने जाने वाले मुश्फिकुर ने इस मैच के साथ अपने टेस्ट करियर का 100वां मैच पूरा किया। यह उपलब्धि अपने आप में खास थी, लेकिन रहीम ने इसे और ऐतिहासिक बना दिया जब उन्होंने इस जश्न को एक शतक के साथ सजाया।

दूसरे दिन की शुरुआत में मात्र एक रन की जरूरत के साथ मैदान पर उतरे रहीम ने बेहद सधी हुई बल्लेबाज़ी करते हुए अपना 13वां टेस्ट शतक पूरा किया। इस शतक ने उन्हें एक अत्यंत दुर्लभ सूची में जगह दिला दी दुनिया के वे खिलाड़ी जिन्होंने अपने 100वें टेस्ट मैच में शतक जमाया है। इससे पहले सिर्फ 10 दिग्गज इस विशेष क्लब का हिस्सा थे। इस उपलब्धि के साथ मुशफिकुर इस सूची में 11वें सदस्य बन गए।

बता दें कि उनसे पहले यह कारनामा करने वाले खिलाड़ी हैं कॉलिन कॉउड्रे, जावेद मियांदाद, गॉर्डन ग्रीनिज, एलेक स्टीवर्ट, इंजमाम-उल-हक, रिकी पोंटिंग, ग्रीम स्मिथ, हाशिम अमला, जो रूट और डेविड वॉर्नर। अब इस कारनामे में मुश्फिकुर रहीम का नाम भी शुमार हो गया है, जो बांग्लादेश क्रिकेट के लिए गर्व का विषय है।

शतकीय पारी खेलते हुए मुशफिकुर ने 106 रन बनाए और टीम के लिए एक मजबूत आधार तैयार किया। उनकी इस पारी का अंत आयरलैंड के युवा बाएं हाथ के स्पिनर मैथ्यू हम्फ्रीज ने किया। हालांकि आउट होने से पहले वह टीम को एक आरामदायक स्थिति में पहुंचा चुके थे। यह सीरीज़ पहले ही बांग्लादेश के पक्ष में झुकी हुई है, क्योंकि मेज़बान टीम पहला टेस्ट पारी और 47 रनों से जीत चुकी है। दूसरा टेस्ट जीतकर बांग्लादेश की नज़रें क्लीन स्वीप पर टिकी हुई हैं। रहीम का यह ऐतिहासिक शतक निश्चित रूप से टीम के मनोबल को और ऊंचा करेगा। मुश्फिकुर का 100वां टेस्ट उनके शानदार करियर का एक और सुनहरा अध्याय बन गया है जहां उन्होंने न सिर्फ अनुभव का असर दिखाया, बल्कि अपने बल्ले से इतिहास भी रच दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें