
जींद। जुलाना स्थित सहकारी बैंक में सुरक्षा गार्ड द्वारा शाखा प्रबंधक को धमकाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी गार्ड ने सेवा नियमों पर हुई कहासुनी के बाद बैंक प्रबंधक पर गाली-गलौज की और बंदूक तानकर गोली मारने की धमकी दे दी। घटना के दौरान बैंक स्टाफ ने मुश्किल से स्थिति संभाली।
ये भी पढ़ें: नाबालिग से दरिंदगी; लड्डू खिलाकर ले गया आरोपी
शाखा प्रबंधक उमेद सिंह के अनुसार कुछ दिन पहले गार्ड परमेंद्र को समय पर ड्यूटी निभाने को कहा गया था। निर्देश देने पर वह बहस करने लगा और अगले दिन छुट्टी पर चला गया। प्रबंधक ने बताया कि वह 19 नवंबर को अपनी सीट पर कार्य कर रहे थे और स्टाफ की उपस्थिति भेजने से पहले सीसीटीवी फुटेज जांच रहे थे।
फुटेज में एक दिन गार्ड को ड्यूटी के दौरान अपनी जगह अनुपस्थित देखा गया। पूछताछ के लिए बुलाने पर परमेंद्र अचानक बंदूक लेकर ऑफिस में घुसा और गाली-गलौज करने लगा। उसने प्रबंधक पर थप्पड़ मारा और धक्का देकर पीछे हटते ही बंदूक तान दी।
स्टाफ ने तत्काल बीच-बचाव किया और किसी तरह स्थिति को काबू किया। हाथापाई में प्रबंधक के हाथ में चोट भी आई। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी गार्ड के खिलाफ धमकी, मारपीट और शस्त्र का गलत उपयोग करने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।