Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

दो कारों और स्कूटी के बीच भयानक हादसा; चार लोगों की हालत गंभीर

November 24, 2025

दो कारों और स्कूटी के बीच भयानक हादसा; चार लोगों की हालत गंभीर

लाडवा। रविवार दोपहर मुस्तफाबाद रोड पर ध्यांगला गांव के पास दो कारें अचानक आमने-सामने टकरा गईं। जोरदार भिड़ंत के बाद एक कार अनियंत्रित हुई और सामने चल रही स्कूटी पर चढ़ गई। टक्कर की ताकत इतनी थी कि स्कूटी कई मीटर तक खेतों की ओर घसीटती चली गई।

हादसे में स्कूटी सवार सेवानिवृत्त फौजी प्रतीक और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हुए। कार में सवार गंगौरी गांव के विनोद और गजलाना गांव के संजय भी बुरी तरह चोटिल हुए। वहीं, दूसरी कार का चालक दुर्घटना के तुरंत बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिससे मामला और उलझ गया।

अस्पताल में प्रतीक ने बताया कि वह तीन महीने पहले सेना से रिटायर हुए थे और लाडवा में परिवार संग रह रहे हैं। रविवार को वह बेटे के साथ ध्यांगला गांव में कैमरे लगाने के काम से लौट रहे थे कि तभी दोनों कारें आमने-सामने भिड़ीं। टक्कर होते ही एक कार सीधे उनकी स्कूटी पर चढ़ गई और उन्हें खेतों तक घसीट ले गई।

राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्रतीक और उनके बेटे को गंभीर स्थिति में जिला नागरिक अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन जब्त कर लिए हैं और फरार चालक की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। समाचार लिखे जाने तक थाना लाडवा में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें