
Punjab weather Update : पंजाब और चंडीगढ़ में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से सुबह और शाम का तापमान तेजी से नीचे जा रहा है, वहीं कोहरे की घनी परत ने ठिठुरन और बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में लगभग 0.3°C की गिरावट दर्ज की गई, जो सामान्य से काफ़ी कम है। बठिंडा इस समय राज्य का सबसे ठंडा क्षेत्र बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान 4°C तक पहुंच गया।
राज्य का मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है और आने वाले हफ़्ते में भी बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, कई जिलों में हल्का से मध्यम स्तर का कोहरा जारी रहने की उम्मीद है। विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटों में तापमान स्थिर रहेगा, लेकिन उसके बाद अगले तीन दिनों में 2°C की हल्की बढ़ोतरी संभव है। इसके बाद तापमान दोबारा 2–3°C गिर सकता है, जिससे सर्दी और बढ़ सकती है।
ठंड और कोहरे के साथ-साथ वायु गुणवत्ता भी लोगों को परेशान कर रही है। पंजाब के अधिकांश शहरों में सुबह 6 बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 100 से ऊपर रहा, जो प्रदूषण के ‘मॉडरेट से पुअर’ श्रेणी को दर्शाता है। अमृतसर, जालंधर, खन्ना और लुधियाना जैसे प्रमुख शहरों में AQI 107 से 136 के बीच दर्ज किया गया, जबकि पटियाला का AQI 146 तक पहुंच गया। रूपनगर अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति में रहा, जहां AQI 54 रहा।
चंडीगढ़ में भी हालात संतोषजनक नहीं हैं। सेक्टर 22, 25 और 53 में AQI 126 से 152 के बीच दर्ज किया गया, जो हवा की गुणवत्ता में बढ़ते प्रदूषण की ओर संकेत करता है। विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड और कोहरे के दौरान प्रदूषक कण वातावरण में लंबे समय तक बने रहते हैं, जिससे AQI में सुधार की संभावना कम रहती है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...