Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘120 बहादुर’ को इस राज्य में टैक्स फ्री का बड़ा तोहफा, दर्शक देख पाएंगे मेजर भाटी की कहानी

November 28, 2025

‘120 बहादुर’ को इस राज्य में टैक्स फ्री का बड़ा तोहफा, दर्शक देख पाएंगे मेजर भाटी की कहानी

एंटरटेनमेंट डेस्क : फरहान अख्तर अभिनीत बहुप्रतीक्षित युद्ध-नाटक ‘120 बहादुर’ आखिरकार सिनेमाघरों तक पहुंच चुकी है और रिलीज के साथ ही इस फिल्म ने दर्शकों और समीक्षकों दोनों से जोरदार प्रतिक्रिया हासिल की है। बता दें कि 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान लड़ी गई सुप्रसिद्ध रेज़ांग ला की लड़ाई पर आधारित यह फिल्म शुरू से ही चर्चा में रही है। फिल्म की कहानी, प्रस्तुतिकरण और भावनात्मक शक्ति ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया है। इन्हीं सकारात्मक प्रतिक्रियाओं के बीच फिल्म को एक और बड़ी उपलब्धि मिली है दिल्ली सरकार ने ‘120 बहादुर’ को टैक्स-फ्री घोषित कर दिया है।

दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला

राजधानी में टैक्स-फ्री होने के बाद उम्मीद है कि अधिक से अधिक लोग सिनेमाघरों में जाकर इस प्रेरणादायक कहानी को देख पाएंगे। रेज़ांग ला की लड़ाई भारतीय सेना के इतिहास का एक ऐसा अध्याय है, जिसे अक्सर कम चर्चा मिलती है, लेकिन इसमें 13 कुमाऊं रेजिमेंट के जवानों ने असाधारण साहस और बलिदान का परिचय दिया था। टैक्स-फ्री होने के फैसले को दर्शकों और सेना से जुड़े समुदायों द्वारा सकारात्मक कदम माना जा रहा है, क्योंकि इससे देशभक्ति और शहीदों के सम्मान की भावना को और अधिक बल मिलेगा।

रेखा गुप्ता ने की फिल्म की सराहना

दिल्ली की विधायक रेखा गुप्ता ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए फिल्म की तारीफ की और इसे भारतीय सैनिकों की वीरता को समर्पित बताया। उन्होंने लिखा कि ‘120 बहादुर’ न केवल चार्ली कंपनी के 120 सैनिकों की बहादुरी को दर्शाती है, बल्कि मेजर शैतान सिंह भाटी की अद्भुत नेतृत्व क्षमता और त्याग को भी उजागर करती है। उनके अनुसार, दिल्ली सरकार द्वारा 28 नवंबर से फिल्म को टैक्स-फ्री करना बहादुर सैनिकों को सम्मान देने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।

फिल्म की कहानी और कलाकार

फिल्म में फरहान अख्तर मेजर शैतान सिंह भाटी की भूमिका निभाते नजर आते हैं, जिन्होंने अपने साथियों के साथ रेज़ांग ला में चीन की सेना का डटकर सामना किया था। रजनीश “रेजी” घोष द्वारा निर्देशित यह फिल्म एक्सेल एंटरटेनमेंट और ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज़ के बैनर तले बनाई गई है। फिल्म का केंद्रीय संदेश“हम पीछे नहीं हटेंगे” पूरी कहानी को मजबूती से बांधता है और दर्शकों के दिलों में गहरी छाप छोड़ता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें