Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

रेवाड़ी में पार्ट-टाइम जॉब ऑफर से खुला बड़ी ठगी का जाल

November 29, 2025

रेवाड़ी में पार्ट-टाइम जॉब ऑफर से खुला बड़ी ठगी का जाल

रेवाड़ी। साइबर क्राइम थाना रेवाड़ी ने पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर बड़ी रकम हड़पने वाले नेटवर्क के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया युवक पंजाब के संगरूर जिले के मोहली गांव का रहने वाला नवजोत सिंह बताया गया है।

ये भी पढ़ें: घरौंडा ट्रैक पर युवक की संदिग्ध मौत, देर रात तक पहचान नहीं 

शिकायत के अनुसार उत्तर प्रदेश के जबुरना निवासी और सेक्टर-3 में किराए पर रह रहे जितेंद्र कुमार को 11 अगस्त को टेलीग्राम पर जॉब ऑफर मिला था। उसे ग्रुप में जोड़कर छोटे टास्क दिए गए और शुरू में समय पर पेमेंट भेजकर उसका भरोसा बनाया गया।

इसके बाद उससे लगातार अलग-अलग शुल्क और कार्य सुधार के नाम पर रकम जमा करवाई गई। पीड़ित पहले 1010, 3020 और 7100 रुपये दे चुका था। फिर उससे 97,590 रुपये लेने के बाद बड़ी राशि निकालने के लिए और रकम की मांग शुरू हुई और उससे 1,58,615 रुपये भी वसूल लिए गए।

इसके बावजूद उसे बताया गया कि राशि निकालने के लिए उसका क्रेडिट स्कोर बढ़ाना जरूरी है। इस बहाने पीड़ित से तीन लाख रुपये और ले लिए गए। कुल मिलाकर जितेंद्र से 5,62,895 रुपये ठग लिए गए, जबकि उसके खाते में केवल फर्जी बैलेंस दिखाया गया।

जांच के बाद साइबर टीम ने बुधवार देर शाम आरोपी नवजोत सिंह को दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि ठगी की कुल रकम में से 41,000 रुपये आरोपी के खाते में पहुंचे थे। आरोपी को गुरुवार को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें