रोहतक: शहर के डी पार्क के नजदीक मंगलवार को अचानक ही एक चलती कार में आग लग गई। कार चला रहे इनेलो नेता ने कार रोक कर बाहर निकल कर जान बचाई। कुछ ही देर में कार के अंदर भीषण आग गई और पूरी कार जलकर खाक हो गई। शहर में हैवी ट्रैफिक के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी में घटनास्थल पर पहुंचने में देरी हुई। स्थानीय झज्जर रोड स्थित रूपया चौक निवासी इनेलो नेता पंकज कुमार अपने दोस्त देवेंद्र की कार लेकर शहर में शॉपिंग के लिए आया हुआ था।
वह डी पार्क कें नजदीक पहुंचा तो अचानक ही कार से धुआं निकलने लगा। कार के अंदर का सिस्टम ठप हो गया और लाइट भी ऑन-ऑफ होने लगी। धुआं निकलता देख पंकज ने कार रोक दी और तेजी से बाहर निकला। फिर एक पुलिसकर्मी की मदद से कार को चौक से आगे धक्का मारकर ले गया। वहीं साथ लगते दुकानदारों ने शटर बंद कर दिए। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ी के पहुंचने से पहले ही कार के अंदर भीषण आग गई और पूरी कार जलकर खाक हो गई। सिविल लाइन पुलिस स्टेशन के एसएचओ अंकिता ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। इस दौरान जानकारी मिली कि कार में खराबी वजह से ही यह आग लगी।