
Haryana Number Plate HR88B8888: हरियाणा की चर्चित और भारत की अब तक की सबसे महंगी मानी जाने वाली वीआईपी नंबर प्लेट HR 88 B 8888 एक बार फिर से नीलामी के लिए उपलब्ध होने जा रही है। बता दें कि कुछ ही दिन पहले यह नंबर प्लेट रिकॉर्ड तोड़ 1.17 करोड़ रुपये में बोली के साथ बिक गई थी, लेकिन हैरानी की बात यह है कि अब यह बिक्री रद्द कर दी गई है। कारण ऐसा है जिसे सुनकर कोई भी दंग रह जाए। तो आइए ख़बर में विस्तार से जानते है…
दरअसल, यह नंबर प्लेट रोमुलस सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर सुधीर कुमार ने ऑनलाइन बोली में हासिल की थी। इस दो दिनों तक चली नीलामी में उनकी बोली सबसे ऊंची रही थी। लेकिन तय नियमों के अनुसार उन्हें 1 दिसंबर 2025 दोपहर 12 बजे तक पूरी राशि जमा करनी थी, जो वे नहीं कर पाए।
वहीं इस मामले में सुधीर कुमार का कहना है कि उन्होंने शनिवार देर रात दो बार डिजिटल पेमेंट करने की कोशिश की, लेकिन सिस्टम में तकनीकी समस्या आने के कारण ट्रांजैक्शन पूरा नहीं हो सका। वहीं, उन्होंने यह भी बताया कि उनके परिवार ने इतनी बड़ी रकम सिर्फ एक नंबर प्लेट पर खर्च करने के निर्णय पर आपत्ति जताई है। परिवार का मानना है कि एक गाड़ी के नंबर के लिए करोड़ों रुपये देना व्यावहारिक फैसला नहीं है। इसी वजह से वे अब अंतिम निर्णय पर पुनर्विचार कर रहे हैं और सोमवार तक स्पष्ट रूप से बताने की बात कह रहे हैं कि वे इस बोली को जारी रखेंगे या नहीं।
ऑनलाइन नीलामी की प्रक्रिया
बता दें कि हरियाणा सरकार हर सप्ताह फैंसी और वीआईपी नंबरों की ऑनलाइन नीलामी करती है। जहां शुक्रवार शाम से लोग fancy.parivahan.gov.in पर रजिस्ट्रेशन कर अपनी पसंद के नंबर के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद बुधवार तक ऑनलाइन बिडिंग होती है और उसी दिन नतीजे घोषित कर दिए जाते हैं। इस बार सबसे अधिक चर्चा HR 88 B 8888 को लेकर रही, जिसके लिए कुल 45 प्रतिभागियों ने आवेदन किया था। इसका बेस प्राइस सिर्फ 50,000 रुपये था, जो धीरे-धीरे बढ़ते हुए करोड़ के पार चला गया।
इस नंबर की खासियत
इस नंबर की आकर्षकता इसकी विजुअल अपील में है। दरअसल चारों ओर 8 का दोहराव इसे बेहद अनोखा बनाता है। वहीं बीच में मौजूद ‘B’ भी देखने में 8 जैसा लगता है, जिससे पूरा नंबर एक समान पैटर्न जैसा दिखता है। ‘HR’ हरियाणा को दर्शाता है, ‘88’ संबंधित आरटीओ को और ‘B’ उस सीरीज को, जो इसे और अधिक खास बनाती है।
अब देखना यह होगा कि दोबारा नीलामी में यह नंबर किस नई कीमत पर बिकता है और नया मालिक कौन बनता है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...