दादरी। नेशनल हाईवे 152डी पर गांव कमोद के पास बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े ट्राले में पीछे से तेज रफ्तार ट्राले के टकराते ही दोनों वाहन धधक उठे। तेज उठती लपटों में आगे खड़े ट्राले के चालक और परिचालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
मरने वालों में हिसार के गांव खांडा खेड़ी निवासी राजेश (48) और जींद के रूपगढ़ गांव का जसवंत सिंह (40) शामिल हैं। आग इतनी भयावह थी कि नौ घंटे बाद भी पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। दादरी व भिवानी से पहुंची फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियां लगातार आग बुझाने में जुटी रहीं।
जांच में सामने आया कि दोनों मृतक दो दिसंबर को भोपाल से धान लोड कर जींद लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे वे कमोद के पास ट्राला खड़ा कर आराम कर रहे थे। उसी दौरान सरसों से भरा एक ट्राला तेज रफ्तार में आया और पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी शक्तिशाली थी कि कुछ ही पलों में दोनों ट्राले आग के गोले बन गए और राजेश- जसंवत बाहर निकल भी नहीं पाए।
हादसे की सूचना मिलते ही दादरी सदर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। खबर लिखे जाने तक दमकल कर्मी आग पर काबू पाने में जुटे थे।