Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

विराट कोहली के पास 2018 जैसा करिश्मा दोहराकर नया इतिहास बनाने का मौका

December 5, 2025

विराट कोहली के पास 2018 जैसा करिश्मा दोहराकर नया इतिहास बनाने का मौका

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही वनडे सीरीज में भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली प्रचंड फॉर्म में चल रहे हैं। सीरीज के पहले दो मैचों में कोहली ने बैक-टू-बैक शतक लगाया है।

तीसरा वनडे शनिवार को विशाखापत्तनम में खेला जाना है। अगर तीसरे वनडे में भी विराट कोहली शतक लगाते हैं, तो सात साल पहले किए गए अपने करिश्माई प्रदर्शन को दोहराएंगे और इतिहास रचेंगे।

विराट कोहली वनडे क्रिकेट के महानतम माने जाते हैं। 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज के लगातार तीन मैचों में उन्होंने शतक लगाया था। अगर शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आखिरी वनडे में भी वह शतक लगाने में कामयाब रहते हैं, तो यह दूसरा मौका होगा जब लगातार तीन मैचों में उनके बल्ले से तीन शतक निकलेंगे।

अगर विराट ऐसा करने में कामयाब रहते हैं, तो वे भारत के पहले बल्लेबाज बनेंगे जिनके नाम दो बार लगातार तीन-तीन शतक लगाने का रिकॉर्ड होगा। विराट कोहली का विशाखापत्तनम में शानदार रिकॉर्ड है। वह इस वेन्यू पर सबसे ज्यादा रन और शतक बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

विराट ने 2011 से 2023 के बीच यहां खेले 7 वनडे मैचों में 3 शतक और 2 अर्धशतक लगाते हुए 587 रन बनाए हैं। ये आंकड़े इस बात का सबूत हैं कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे में कोहली एक बार फिर विपक्षी टीम पर भारी पड़ सकते हैं और एक शतकीय पारी उनके बल्ले से आ सकती है।

वनडे में विराट के अलावा रोहित शर्मा, एबी डिविलियर्स, क्विंटन डी कॉक, हर्शल गिब्स, जॉनी बेयरस्टो, और रॉस टेलर भी लगातार तीन वनडे शतक लगा चुके हैं। पाकिस्तान के जहीर अब्बास, सईद अनवर, और बाबर आजम वनडे में लगातार तीन शतक लगाने की उपलब्धि दो बार हासिल कर चुके हैं। फखर जमान ने ऐसा एक बार किया है।

 

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें