Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

विनेश के संन्यास से वापस लौटने पर महावीर फोगाट का बयान- ओलिंपिक में पदक जीतने का सपना होगा पूरा

December 13, 2025

विनेश के संन्यास से वापस लौटने पर महावीर फोगाट का बयान- ओलिंपिक में पदक जीतने का सपना होगा पूरा

नेशनल डेस्क: पूर्व ओलिंपियन पहलवान विनेश फोगाट ने करीब 15 महीने बाद अपने संन्यास के फैसले से पीछे हटते हुए फिर से कुश्ती मैट पर लौटने का निर्णय लिया है। उनके इस फैसले का स्वागत उनके शुरुआती कोच और ताऊ द्रोणाचार्य अवॉर्ड से सम्मानित महावीर फोगाट सहित देशभर के खेल प्रेमियों ने किया है। सभी को उम्मीद है कि विनेश अब ओलिंपिक में पदक जीतने का अपना सपना पूरा करेंगी।

महावीर फोगाट का कहना है कि विनेश के पास ओलिंपिक खेलने का लंबा अनुभव है, जो आगे उनके बहुत काम आएगा। इस अनुभव के दम पर विनेश आने वाले ओलिंपिक में पदक जरूर जीतेंगी। महिला कुश्ती को नई पहचान दिलाने वाली और तीन बार ओलिंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी विनेश फोगाट के मैट पर लौटने से वे खुद भी बेहद खुश हैं।

ये भी पढ़ें: भारत पहुंचे Lionel Messi, फुटबॉलर की एक झलक पाने के लिए उमड़ा फैंस का सैलाब

महावीर फोगाट ने कहा कि पेरिस ओलिंपिक के बाद 15 महीने तक खेल से दूर रहना कोई बहुत लंबा समय नहीं है। कई खिलाड़ी चोट के कारण इससे भी ज्यादा समय तक मैट से दूर रहते हैं और फिर सफल वापसी करते हैं। ओलिंपिक में अभी करीब तीन साल का समय बाकी है, ऐसे में विनेश के पास खुद को पूरी तरह तैयार करने का पर्याप्त मौका है। उन्होंने अभ्यास भी शुरू कर दिया है और ट्रेनिंग के लिए हैदराबाद गई हैं।

उन्होंने आगे कहा कि पेरिस ओलिंपिक में जो हुआ, उससे विनेश को बड़ा सबक मिला है। फाइनल मुकाबले से पहले सिर्फ 100 ग्राम वजन ज्यादा होने के कारण उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था। इस वजह से पदक लगभग पक्का होने के बावजूद वे खाली हाथ लौटने को मजबूर हुई थीं। अब वे वजन और अन्य जरूरी बातों पर खास ध्यान देंगी और पूरा फोकस खेल पर रखेंगी।

पेरिस ओलिंपिक में सिल्वर मेडल तय होने और गोल्ड के बेहद करीब पहुंचने के बाद जो घटना हुई, उससे विनेश पूरी तरह टूट गई थीं। इसी मानसिक आघात के कारण उन्होंने कुश्ती से सन्यास लेने का फैसला कर लिया था। हालांकि, जब वे भारत लौटीं तो दिल्ली एयरपोर्ट से लेकर उनके गांव बलाली तक उनका जोरदार स्वागत किया गया। जगह-जगह जुलूस निकाले गए और गांव में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया गया।

उस कार्यक्रम के दौरान महावीर फोगाट ने विनेश को सन्यास न लेने और खेल जारी रखने की सलाह दी थी लेकिन उस समय वे इतनी निराश थीं कि उन्होंने मैट से दूरी बना ली। अब एक बार फिर उन्होंने वापसी का मन बनाया है, जिससे देश के खेल प्रेमियों में नई उम्मीद जगी है। सभी को भरोसा है कि विनेश फोगाट आने वाले समय में देश के लिए ओलिंपिक पदक जीतकर इतिहास रचेंगी।

भिवानी POLICE की कार्रवाई, Operation Hotspot Domination के तहत कैंटर चालक से 17 किलो 300 ग्राम नशीला पदार्थ जब्त

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें