Last Updated: November 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

भाजपा अध्यक्ष पद के लिए केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया

December 13, 2025

भाजपा अध्यक्ष पद के लिए केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया

लखनऊ। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लखनऊ स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी की उप्र इकाई के अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने पार्टी कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। चौधरी ने अपना नामांकन पत्र भाजपा के राज्य चुनाव अधिकारी महेंद्र नाथ पांडेय (पूर्व केंद्रीय मंत्री) और केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े को सौंपा। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक और उप्र के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद थे।

इस बीच, ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में पंकज चौधरी ने कहा, आज लखनऊ हवाई अड्डे पर पहुंचने पर, समर्पित पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से मेरा स्वागत किया। मैं सभी कार्यकर्ताओं का उनके द्वारा दिखाए गए स्नेह और सम्मान के लिए दिल से आभार व्यक्त करता हूं। भाजपा के राज्य चुनाव अधिकारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडे ने शुक्रवार को बताया था कि पार्टी के अगले प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा रविवार को केंद्रीय चुनाव अधिकारी और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल करेंगे।

राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में अध्यक्ष का चुनाव आगामी पंचायत चुनावों और 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर किया जाएगा, और जाति और क्षेत्रीय समीकरणों पर मजबूत पकड़ रखने वाले को ही ताज पहनाया जा सकता है। पंकज चौधरी महाराजगंज संसदीय क्षेत्र से सात बार के सांसद हैं। वह कुर्मी जाति (अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की एक जाति) से हैं और उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का भरोसेमंद माना जाता है।

कुर्मी समुदाय का पूरे उत्तर प्रदेश में ओबीसी समुदाय में काफी प्रभाव है और 2024 के लोकसभा और 2022 के विधानसभा चुनाव में इस समुदाय ने राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी (समाजवादी पार्टी) की ओर अपना झुकाव दिखाया था। उत्तर प्रदेश में भाजपा ने कुर्मी समुदाय के नेताओं को तीन बार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है, जिनमें पूर्व सांसद विनय कटियार, पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह और जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शामिल हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें