Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोहाली: कबड्डी खिलाड़ी राणा बलाचोरिया की हत्या, बंबीहा गैंग ने ली जिम्मेदारी

December 16, 2025

मोहाली: कबड्डी खिलाड़ी राणा बलाचोरिया की हत्या, बंबीहा गैंग ने ली जिम्मेदारी

पंजाब डेस्क। मोहाली में मशहूर कबड्डी खिलाड़ी और कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचोरिया की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। यह घटना उस समय हुई जब सोहाना साहिब में कबड्डी कप का मैच चल रहा था और स्टेडियम में काफी लोग मौजूद थे। अचानक हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

सेल्फी लेने के बहाने पास आए हमलावर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन युवक राणा बलाचोरिया के पास आए। पहले उन्होंने उससे सेल्फी लेने की बात कही। इसी दौरान एक युवक ने उसके मुंह पर कपड़ा डाल दिया और दूसरे ने उस पर गोलियां चला दीं। गोली लगते ही राणा की मौके पर ही मौत हो गई।

बंबीहा गैंग ने सोशल मीडिया पर ली हत्या की जिम्मेदारी
राणा बलाचोरिया की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल होने लगी। इस पोस्ट में बंबीहा गैंग से जुड़े घनशामपुरिया गैंग और शगुनप्रीत ने हत्या की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में लिखा गया कि यह हत्या सिद्धू मूसेवाला की मौत का बदला है।

ये भी पढ़ें- 1.33 लाख के पार हुई ‘सोने’ की कीमत, चांदी हुई सस्ती

गैंग का दावा – मूसेवाला के कातिलों को पनाह दे रहा था राणा
वायरल पोस्ट में गैंग ने आरोप लगाया कि राणा बलाचोरिया, सिद्धू मूसेवाला के हत्यारों को पनाह दे रहा था। साथ ही उसके संबंध जग्गू भगवानपुरिया और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से बताए गए। गैंग ने लिखा कि इसी वजह से उन्होंने राणा को मारकर “अपने मूसेवाला का बदला” लिया है।

Image

कबड्डी खिलाड़ियों को दी धमकी
बंबीहा गैंग की पोस्ट में आगे लिखा गया कि उन्हें कबड्डी से कोई दुश्मनी नहीं है, लेकिन वे नहीं चाहते कि कोई खिलाड़ी जग्गू खोटी और हैरी टॉट की टीम के साथ खेले। गैंग ने खिलाड़ियों और उनके माता-पिता को चेतावनी दी कि अगर ऐसा किया गया तो अंजाम बुरा हो सकता है।

10 दिन पहले ही हुई थी राणा की शादी
इस हत्या ने इसलिए भी सभी को झकझोर दिया क्योंकि राणा बलाचोरिया की सिर्फ 10 दिन पहले ही शादी हुई थी। परिवार और गांव में मातम का माहौल है। राणा युवाओं को खेलों से जोड़ने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए जाना जाता था।

परिवार ने सरकार से मांगा इंसाफ
गांव चंकोआ में मृतक के परिवार से बात करने पर पूर्व सरपंच ने कहा कि पंजाब के हालात दिन-ब-दिन खराब होते जा रहे हैं। परिवार के लोगों ने रोते हुए सरकार और पुलिस प्रशासन से इंसाफ की मांग की है। उनका कहना है कि हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उन्हें सख्त सजा मिले।

पंजाब में बिगड़ते हालात पर सवाल
इस घटना के बाद एक बार फिर पंजाब में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। खुलेआम स्टेडियम में गोलीबारी होना लोगों के मन में डर पैदा कर रहा है। अब सभी की नजरें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि कब और कैसे आरोपियों को पकड़ा जाएगा।

Watch Video- अवैध निर्माण अब कबूल नहीं ,भारी पुलिस बल के साए में की गई जबरदस्त तोड़फोड़

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें