
मैहतपुर: जिला ऊना के बनगढ़ राजघराने के चिराग थे राणा बलाचोरिया, जिनकी मोहाली में कबड्डी कप टूर्नामेंट के दौरान अज्ञात हमलावरों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। उनकी मौत की इस खबर से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। कंवर दिग्विजय मनराज सिंह उर्फ राणा बलाचोरिया की अभी 4 दिसंबर को ही शादी हुई थी। घर में चल रहे खुशियों के माहौल को उस समय विराम लग गया जब उसकी मौत की खबर से घर पर मातम का माहौल छा गया।
बताते चलें कि राणा बलाचोरिया कबड्डी के होनहार खिलाड़ी थे। जब उनकी हत्या की गई तो वे मोहाली में एक कबड्डी टूर्नामेंट कप का आयोजन करवा रहे थे कि हमलावरों ने सेल्फी का बहाना लेते हुए उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दी जिससे उनकी मौत हो गई। उनके इस निधन पर पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बोधराज भारद्वाज, अनिल भारद्वाज, रविंद्र सहोड, नगर परिषद अध्यक्षा अंजू वाला, उपाध्यक्ष अजय सोनी, रवीश ठाकुर, व्यापार मंडल के प्रधान राहुल एरी, मनीष भारद्वाज ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।