इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर प्रशंसा की है। उन्होंने पीएम मोदी को अपना ‘महान मित्र’ बताते हुए कहा कि भारत, इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में अमेरिका के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार है। यह जानकारी भारत में अमेरिकी दूतावास ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के ज़रिए साझा की।
भारत को बताया प्राचीन और अद्भुत देश
अमेरिकी दूतावास की ओर से जारी पोस्ट में कहा गया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत को दुनिया की सबसे पुरानी सभ्यताओं में से एक का केंद्र बताया है। पोस्ट में लिखा गया कि भारत एक अद्भुत देश है और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में अमेरिका का अहम सहयोगी है। साथ ही अमेरिका को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में एक भरोसेमंद और मजबूत मित्र मिला है।
पीएम मोदी और ट्रंप के बीच हुई फोन पर बात
बीते सप्ताह राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। इस बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका आर्थिक संबंधों को और मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा की। यह बातचीत ऐसे समय में हुई, जब दोनों देशों के प्रतिनिधि प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर दो दिन की अहम बैठक कर चुके थे।
व्यापार समझौते से टैरिफ में राहत की उम्मीद
प्रस्तावित व्यापार समझौते से भारत को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। दरअसल, अगस्त महीने में ट्रंप प्रशासन ने भारतीय उत्पादों पर टैरिफ बढ़ाकर 50 प्रतिशत तक कर दिया था। इसमें रूस से कच्चा तेल खरीदने को लेकर लगाया गया 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क भी शामिल था। इन टैरिफ के कारण भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों पर असर पड़ा था।
पीएम मोदी ने बातचीत को बताया सकारात्मक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बातचीत को सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की और क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत और अमेरिका विश्व में शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए मिलकर काम करते रहेंगे। हालांकि, उन्होंने अपने बयान में व्यापार समझौते का सीधे तौर पर उल्लेख नहीं किया।
टैरिफ बढ़ने से रिश्तों में आई थी खटास
गौरतलब है कि अगस्त में अमेरिकी टैरिफ बढ़ाए जाने के बाद भारत और अमेरिका के रिश्तों में तनाव देखने को मिला था। इसके अलावा अमेरिकी अधिकारियों की ओर से भारत की लगातार आलोचना ने भी द्विपक्षीय संबंधों को प्रभावित किया था।
रिश्ते सुधारने की दिशा में बढ़े कदम
हाल के दिनों में दोनों देशों ने आपसी रिश्तों को बेहतर बनाने के प्रयास तेज कर दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, फोन पर हुई बातचीत में दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की भी समीक्षा की।
ये भी पढ़ें: Today’s Weather 17 Dec 2025: देशभर में क्रिसमस से पहले ठंड बढ़ने की संभावना! मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति
सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी ने व्यापार, आधुनिक तकनीक, ऊर्जा, रक्षा और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने साझा चुनौतियों से निपटने और आपसी हितों को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई। साथ ही उन्होंने सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग के लगातार मजबूत होने पर संतोष भी व्यक्त किया।